Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

नौतपा खत्‍म होने के बाद भी जारी है गर्मी का प्रकोप, यूपी के इस ज‍िले में 24 घंटों में 16 की मौत

मौसम विभाग ने भी कई जिलों में 20 जून तक लू का रेड अलर्ट जारी किया है। सोमवार को प्रयागराज फिर प्रदेश में सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रहा है। इसके अलावा झांसी सुलतानपुर हमीरपुर फतेहपुर में भी पारा 47 डिग्री के पार रहा है। बीते 24 घंटों में प्रचंड गर्मी से 119 लोगों की मौत हो गई।

By atul mishra Edited By: Vinay Saxena Updated: Tue, 18 Jun 2024 09:12 AM (IST)
Hero Image
शहर में अलग-अलग स्थानों पर 16 लोगों की मौत।- सांकेत‍िक तस्‍वीर

जागरण संवाददाता, कानपुर। नौतपा खत्म होने के बाद भी गर्मी का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटों में शहर में अलग-अलग स्थानों पर 16 लोगों की मौत हो गई। राहगीरों व आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। मृतकों में कुछ लोगों की पहचान नहीं हो सकी है।

मूलरूप से बिहार के अररिया जिला के गय्यैरी गांव निवासी 24 वर्षीय बेटा अब्दुल जाजमऊ के संजय नगर स्थित टेनरी में रहकर काम करता था। सोमवार को बकरीद पर वह साथियों के साथ घूमने गया था। लौटते समय दोपहर में टेनरी गेट पर गश खाकर गिर पड़ा। उसे पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

मूलरूप से फतेहपुर के डब्सोरा निवासी 68 वर्षीय रामसिंह श्याम नगर में सिक्योरिटी गार्ड थे। सोमवार तड़के उनका शव श्याम नगर बाईपास पर सड़क किनारे मिला। जाजमऊ के वाजिदपुर में सोमवार दोपहर 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला।

इधर, झकरकटी बस अड्डे पर पूछताछ केंद्र के बाहर करीब 60 वर्षीय वृद्धा का शव मिला। वहीं, किदवई नगर जंगली देवी मंदिर के बाहर करीब 58 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला। तीनों की पहचान नहीं हो सकी। उधर, गोविंद नगर स्थित देशी शराब ठेके पास करीब 40 वर्षीय युवक का शव मिला है। उसके चेहरे से लेकर शरीर पर कई जगह चोटों के निशान मिले हैं, उसकी भी पहचान नहीं हो सकी।

सचेंडी में चकरपुर मंडी में सोमवार दोपहर फेरी लगाकर नमकीन बेचने वाले जूही निवासी 55 वर्षीय गिरजाशंकर पांडेय की मौत हो गई। वहीं रावतपुर के नमक फैक्ट्री चौराहे के पास 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला। उधर, रावतपुर के गुप्ता कालोनी में ग्वालटोली निवासी 54 वर्षीय सुनील वर्मा उर्फ भाटिया किराए पर रहते थे। सोमवार को कमरे से दुर्गंध आने पर किराएदार वीरू ने धक्का मारकर कमरे का दरवाजा खोला, तो सुनील का शव चारपाई पर पड़ा मिला।

वहीं, शास्त्री नगर निवासी 42 वर्षीय अरविंद विश्वकर्मा देर रात साइकिल से घर लौट रहे थे। सीटीआइ के पास चक्कर आने पर उन्हें एलएलआर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अनवरगंज बांसमंडी निवासी 43 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड विष्णुकांत तिवारी किराए के कमरे में मृत मिले। उधर, महाराजपुर जनपद के नौतनवा निवासी 46 वर्षीय रवि त्रिपाठी गोरखधाम एक्सप्रेस से दिल्ली से लौट रहे थे।

सेंट्रल स्टेशन पर उनकी हालत बिगड़ गई, वह विश्राम गृह में बैठ गए। जहां उनकी मौत हो गई। इधर, हरबंश मोहाल में 25 वर्षीय युवक का शव पश्चिम वाली गली में पड़ा मिला। मृतक की पहचान नहीं हो सकी। गुजैनी के तात्याटोपे नगर की छत्तीरतन सोसाइटी में 64 वर्षीय बुजुर्ग गार्ड धर्मपाल की मौत हो गई। उधर, सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर आठ पर 40 वर्षीय और प्लेटफार्म नंबर चार पर 55 वर्षीय महिला का शव मिला। काफी प्रयास के बाद भी दोनों की पहचान नहीं हो सकी।

नौतपा के दौरान तीन दिन में मिले थे 58 शव

25 मई से दो जून तक नौतपा के दौरान 30, 31 मई और एक जून को कुल 58 शव मिले थे। इनमें एक दिन में अधिकतम 16 शव मिले थे। नियमानुसार अज्ञात शव को 72 घंटे तक रखने का प्रविधान है, ताकि इस दौरान पहचान हो सके। इतनी संख्या में अज्ञात शवों के आने की वजह से पोस्टमार्टम हाउस में उन्हें रखने की जगह तक नहीं बची थी, जिसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर पोस्टमार्टम में अज्ञात शवों के लिए अस्थायी मोर्चरी का निर्माण कराया जा रहा है। भीषण गर्मी के दौरान देर रात तक अज्ञात शवों का पोस्टमार्टम करने के दौरान डॉ. अश्विनी बाघमारे गश खाकर गिर पड़े थे। सोमवार को 72 घंटे पूरे होने पर 12 शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।

यह भी पढ़ें: UP Weather: यूपी में गर्मी का प्रचंड कहर, अब तक 119 लोगों की मौत; मौसम विभाग ने मानसून पर दिया ताजा अपडेट

यह भी पढ़ें: Agra News: आगरा में भीषण गर्मी से हाल बेहाल, पर्यटक समेत तीन की मौत; नेपाली पर्यटक को आया था हार्ट अटैक

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें