Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

साइबर सुरक्षा में इंडोनेशिया, सिंगापुर समेत कई देशों की मदद करेगा आइआइटी कानपुर, स्टार्टअप में दिखाई रुचि

इंडोनेशिया में आयोजित एशियान-भारत स्टार्टअप महोत्सव में आइआइटी के स्टार्टअप इन्क्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर के प्रभारी ने भारत से चुनिंदा 30 स्टार्टअप संस्थापकों को लेकर प्रदर्शनी लगायी है। इसमें कई देशों ने साइबर सुरक्षा उत्पाद विकसित करने वाले स्टार्टअप में रुचि दिखाई है।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek AgnihotriUpdated: Sun, 30 Oct 2022 11:11 AM (IST)
Hero Image
कई देशों ने साइबर सुरक्षा उत्पाद में रुचि दिखाई है।

कानपुर, [चंद्र प्रकाश गुप्ता]। आइआइटी के विशेषज्ञ इंडोनेशिया, थाईलैंड, सिंगापुर समेत कई दक्षिण पूर्व एशियन देशों को साइबर सुरक्षा का मजबूत तंत्र विकसित करने में मदद करेंगे। इंडोनेशिया में चल रहे एशियान-भारत स्टार्टअप महोत्सव में साइबर सुरक्षा उत्पाद विकसित करने वाले स्टार्टअप में इन देशों ने खासी रुचि दिखाई है। इनके ट्रायल को लेकर वार्ता चल रही है। कुछ कंपनियों से करार होने की संभावना है।

महोत्सव 30 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) कानपुर प्रमुख समन्वयक है। भारत से चुनिंदा 30 स्टार्टअप संस्थापकों को लेकर आइआइटी के स्टार्टअप इन्क्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर के प्रभारी प्रो. अंकुश शर्मा व उनकी टीम इंडोनेशिया में है। उन्होंने सदस्यों ने बताया कि उन सभी ने महोत्सव में अपने उत्पादों व तकनीक के स्टाल लगाए हैं, जहां दक्षिण पूर्व एशियन देशों के प्रतिनिधि, सरकारी अधिकारी व विशेषज्ञ आ रहे हैं।

मलेशिया, फिलीपींस व ब्रुनेई के कई विशेषज्ञों ने भारतीय स्टार्टअप टी सैंक्ट, पुणे के हैक एक्स सिक्योरिटी, आप्ट साइबर के उत्पादों व साइबर सुरक्षा तकनीक को अपने देश के लिए उपयोगी मानते हुए उसे अपनाने की इच्छा जताई है। इस संबंध में दूसरे दौर की वार्ता के लिए स्टार्टअप संस्थापकों को दोबारा बुलाया जाएगा।

फूल और इन्वोवायरन कंपनियों के उत्पाद भी आए पसंद

महोत्सव में आइआइटी के स्टार्टअप फूल, इन्वोवायरन कंपनियों के उत्पाद भी काफी पसंद किए गए हैं। फूल, फूलों के कचरे से सुगंधित अगरबत्ती व चमड़े का विकल्प फ्लेदर बनाती है। इसी तरह इन्वोवायरन प्लास्टिक कचरे को रीसाइकिल करके हार्डबोर्ड तैयार कर रही है, जिसका उपयोग फर्नीचर बनाने व अन्य कार्यों में हो सकता है।

-कई देशों में साइबर सुरक्षा तंत्र कमजोर है। हाल ही में इंडोनेशिया ने पहला डेटा सुरक्षा कानून भी पारित किया है लेकिन अपनी साइबर सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर नहीं कर पा रहा है। स्टार्टअप महोत्सव में भारत के साइबर सुरक्षा टूल्स व तकनीक को काफी सराहना मिली है। कई देशों से प्रस्ताव मिले हैं और प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे मदद दी जाएगी। -प्रो. अंकुश शर्मा, प्रभारी स्टार्टअप इन्क्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर, आइआइटी।