यूपी की इस विधानसभा सीट पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में कांग्रेस, सपा को गठबंधन की आस; घोषित किया प्रत्याशी!
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा उपचुनाव में सीसामऊ सीट पर एकला चलो की रणनीति अपनाने का फैसला किया है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव नीलांशु चतुर्वेदी ने पदाधिकारियों के बीच माहौल बनाकर ऐसी ही मंशा जताई है। हालांकि समाजवादी पार्टी को अभी भी गठबंधन धर्म निभाए जाने और साथ मिलकर लड़ने की पूरी आस है। सपा ने पहले ही नसीम सोलंकी को टिकट देने का एलान कर दिया है।
शिवा अवस्थी, कानपुर। (UP Assembly By Election) वर्षों बाद लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस विधानसभा उपचुनाव में सीसामऊ सीट पर एकला चलो की तैयारी में दिख रही है। इस सीट पर प्रभारी के तौर पर आए नेतृत्व के करीबी सांसद किशोरी लाल शर्मा के सामने जुटी दावेदारों की भीड़ से ये संकेत मिले हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय सचिव नीलांशु चतुर्वेदी ने भी पदाधिकारियों के बीच माहौल बनाकर ऐसी ही मंशा जताई है। हालांकि, इससे इतर समाजवादी पार्टी को अभी गठबंधन धर्म निभाए जाने व साथ मिलकर लड़ने की पूरी आस है।
तिलक हाल में सांसद किशोरी लाल की उपस्थिति में पूर्व विधायक संजीव दरियाबादी, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नरेश चंद्र त्रिपाठी, हर प्रकाश अग्निहोत्री, शहर अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी, अवनीश सलूजा, राजेश गौतम, दिलीप बाजपेई, लल्लन अवस्थी, महेश मेघानी, दिलीप शुक्ला, तौफीक अहमद, वसुंधरा वर्मा, हाजी फजल हुसैन, गुफरान अहमद चांद आदि नेताओं ने दावेदारी करते हुए उन्हें आवेदन सौंपा है।
अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में कांग्रेस
एक साथ इतने दावेदारों के सामने आने से कांग्रेस नेतृत्व भी उत्साहित है। सूत्र बताते हैं, पिछले दिनों दिल्ली में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी नेतृत्व के सामने कहा है कि सपा उपचुनाव में वैसा महत्व नहीं दे रही, जैसे देना चाहिए। इसलिए अकेले भी चुनाव लड़ना पड़ा, तो पार्टी जमीन स्तर पर तैयारी में जुटी है। कांग्रेसी खेमे के दावेदारों को तैयारी में जुटे रहने के लिए कहा गया है। नेतृत्व के निर्णय का इंतजार है।
एआइसीसी सदस्य आलोक मिश्रा व विकास अवस्थी बताते हैं, पार्टी ने पूरी मजबूती के साथ लोकसभा चुनाव लड़ा। इसका असर भी दिखाई पड़ा। उपचुनाव में जरूरत पड़ने पर पूरी ताकत से उतरेंगे।
शहर अध्यक्ष कांग्रेस, नौशाद आलम मंसूरी-
सपा के साथ गठबंधन धर्म पूरी शिद्दत से है, लेकिन नेतृत्व का निर्णय सर्वोपरि होगा। बैठकों व सम्मेलनों से माहौल बनाने में जुटे हैं। बूथ से लेकर वार्ड तक मजबूती ला रहे हैं।
सपा प्रदेश सचिव, आशीष चौबे ने बताया-
कांग्रेस के साथ आइएनडीआइ गठबंधन अभी मजबूती से काम कर रहा है। सीसामऊ सीट को लेकर दोनों दलों में कोई असहज स्थिति नहीं है। इरफान की पत्नी नसीम को लड़ाने के लिए हर कार्यकर्ता जुटेगा।
इसे भी पढ़ें: IPS Transfer: ताबड़तोड़ एक्शन के बाद चारू निगम का तबादला, तीन को दिलाई फांसी की सजा; आखिर क्यों हैं चर्चा में?