Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Kanpur Lok Sabha Result 2024: कानपुर से भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी ने दर्ज की जीत, कांग्रेस को करना पड़ा हार का सामना

Kanpur Lok Sabha Election Result (Kanpur Lok Sabha Election Result) कानपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के आलोक मिश्रा को 20968 वोटों से हराकर जीत दर्ज दी। भाजपा प्रत्याशी को कुल 443055 वोट मिले वहीं कांग्रेस प्रत्याशी को आलोक मिश्र को 422087 मत प्राप्त हुए। जबकि बसपा प्रत्याशी कुलदीप भदौरिया को 12032 मत मिले।

By Abhishek Pandey Edited By: Abhishek Pandey Updated: Tue, 04 Jun 2024 07:34 PM (IST)
Hero Image
कानपुर से भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी ने दर्ज की जीत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। (Kanpur Lok Sabha Election Result) कानपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के आलोक मिश्रा को 20968 वोटों से हराकर जीत दर्ज दी। कानपुर में एक बार फिर भगवा परचम लहराने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, वहीं कांग्रेस-सपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर मायूसी दिखी।

भाजपा प्रत्याशी को कुल 443055 वोट मिले, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी को आलोक मिश्र को 422087 मत प्राप्त हुए। जबकि बसपा प्रत्याशी कुलदीप भदौरिया को 12032 मत मिले। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने भाजपा के विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र देने के लिए मतगणना स्थल पर बुलाया है।

कानपुर लोकसभा सीट (Kanpur Lok Sabha Seat Result) में पांच विधानसभाएं आती हैं। जिसमें गोविंद नगर, सीसामऊ, आर्य नगर, किदवई नगर और कैंट विधानसभा सीटें शामिल हैं।

कब और कितनी हुई वोटिंग

कानपुर लोकसभा सीट पर चौथे चरण में 13 मई को मतदान हुआ था। इस सीट पर कुल 16,62,859 मतदाता हैं, जिसमें 8,82,074 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जो कि कुल 53.05 प्रतिशत है।

विधानसभा वार मतदान प्रतिशत

गोविंद नगर-52.66

सीसामऊ-55.51

आर्य नगर-48.52

किदवई नगर-57.25

कैंट -50.73

कौन प्रत्याशी है मैदान (Kanpur Lok Sabha Candidate List)

कानपुर नगर लोकसभा क्षेत्र में11 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। मतदाताओं के सामने भाजपा की ओर से रमेश अवस्थी, कांग्रेस से आलोक मिश्रा, बसपा से कुलदीप भदौरिया, सभी जन पार्टी से अशोक पासवान, ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक के प्रशस्त धीर, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर आफ इंडिया (कम्युनिस्ट) के वालेंद्र कटियार, प्राउटिस्ट ब्लॉक इंडिया संजय सिंह, निर्दलीय अजय कुमार मिश्रा, अरविंद कुमार श्रीवास्तव, आलोक मिश्रा और मनोज कुमार ने लोकसभा चुनाव 2024 में अपना भाग्य अजमाया।

क्या हैं कानपुर के स्थानीय मुद्दे (Kanpur Local Issues)

इस सीट पर स्थानीय स्तर पर बंद मिलें, प्रदूषण, जलभराव, जाम और अतिक्रमण जैसे मुद्दे प्रमुख हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राहुल गांधी, अखिलेश यादव के साथ ही मायावती जैसे स्टार प्रचारकों ने अपने प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की थी।

2019 का जनादेश (Kanpur Lok Sabha Election Result 2019)

कानपुर लोकसभा सीट (Kanpur Lok Sabha Seat Winner) पर 2019 में 14 उम्मीदवारों ने ताल ठोंकी थी। भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट पर तत्कालीन सांसद और वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी का टिकट काटकर सत्यदेव पचौरी को दिया था। सपा-बसपा में गठबंधन होने के कारण सपा ने इस कानपुर लोकसभा सीट पर राम कुमार को मैदान में उतारा था। वहीं कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल को मैदान में उतारकर चुनाव दिलचस्प बनाया था।

जनता ने भाजपा के सत्यदेव पचौरी पर भरोसा जताया और उन्हें 1,55,934 वोटों से जीत दर्ज करा संसद भेजा था। सत्यदेव पचौरी को कुल 4,68,937 वोट मिले थे, वहीं निकटतम प्रतिद्वंदी श्रीप्रकाश जायसवाल को 3,13,003 वोट मिले थे।

कानपुर की खास बातें (Kanpur News)

चमड़ा और कपड़ा उद्योग के कारण कानपुर को एक समय पूर्व का मैनचेस्टर कहा जाता था। 1857 की क्रांति से लेकर आजादी की विरासत को समेटे हुए कानपुर उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख औद्योगिक नगर है। इसका पुराना नाम 'कान्हपुर' था, जो कि गंगा नदी के तट पर बसा हुआ है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से इस शहर की दूरी करीब 80 किलोमीटर है, इसे प्रदेश की औद्योगिक राजधानी भी कहा जाता है। यहां पर स्थित बिठूर को पुराणों में ब्रह्मांड का केंद्र बताया गया है, जहां पर बैठकर भगवान ब्रम्हा ने सृष्टि की रचना की थी। बिठूर में नाना पेशवा राव का किला इस शहर की ऐतिहासिकता की गवाही देता है। इसे शिक्षा का गढ़ भी कहा जाता है। यहां पर आई.आई.टी, कानपुर यूनिवर्सिटी, गणेश शंकर विद्यार्थी मेडीकल कॉलेज, राष्ट्रीय शर्करा संस्थान, राष्ट्रीय दलहन अनुसांधन केंद्र, चंद्र शेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय प्रमुख शैक्षिक संस्थान हैं।

इसे भी पढ़ें: कन्नौज से सुब्रत की अग्नि परीक्षा, तो अखिलेश के सामने विरासत की जंग; पढ़ें क्या है इस सीट पर यादव परिवार का इतिहास