Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Kanpur Murder Case: पति से अनबन के बाद अलग रह रही थी आरती, किसी अपने ने ही किया कत्ल

बिधनू थानाक्षेत्र के किसान नगर रोड पर सरेशाम युवती की हत्या के बाद सनसनी फैल गई थी। आसपास के लोगों ने महिला को एक युवक से बातें करते देखा था जिसके कुछ देर बाद गोलियां चलने की आवाजें आने पर लोग पहुंच गए थे।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Updated: Wed, 19 May 2021 09:51 AM (IST)
Hero Image
बिधनू किसान नगर रोड पर सरेशाम घटना से सनसनी।

कानपुर, जेएनएन। बिधनू थानाक्षेत्र के किसान नगर रोड स्थित करसुई गांव नहर पुल के पास मंगलवार देर शाम स्कूटी सवार आरती का कत्ल किसी अपने ने ही किया है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानी जाए तो स्कूटी सवार आरती से एक युवक बातें कर रहा था फिर गोली चलने की आवाज आई थी। इससे साफ है कि आरती किसी पहचान वाले युवक से बात कर रही थी। शादी के बाद से पति से अनबन होने पर आरती अलग कानपुर में रह रही थी और आइसक्रीम फैक्ट्री में काम कर रही थी। पुलिस अब सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है और उसके पति से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है।

इस तरह हुई घटना

किसान नगर रोड स्थित करसुई गांव नहर पुल के पास मंगलवार देर शाम स्कूटी सवार आरती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम छह बजे सजेती की ओर से एक सफेद रंग की स्कूटी में सवार 35 वर्षीय महिला किसान नगर रोड स्थित करसुई नहर पुल पर हनुमान मंदिर के पास आकर रुकी। पांच मिनट बाद एक बाइक सवार युवक भी पीछे से आया। दोनों काफी देर तक नहर पटरी की ओर खड़े होकर बात करते रहे। जब कुछ अंधेरा होने लगा तो वहां पर सुनसान हो गया।

करीब सात बजे लोगों को मंदिर के पास से तीन राउंड गोलियां चलने की आवाज आई। लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि युवती का शव नहर पटरी के किनारे पड़ा हुआ था। पीठ में गोली लगने के निशान थे। बगल में स्कूटी पड़ी थी। पुलिस ने खून से सनी एक टूटी हुई ईंट भी बरामद की। महिला के चेहरे पर कुचलने जैसे निशान मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या से पहले या बाद में महिला के चेहरे पर वार करके उसकी पहचान छिपाने की भी कोशिश की गई।

पति से चल रही थी अनबन, हमीरपुर में हुई थी शादी

बिधनू थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर मृतका का पर्स व मोबाइल बरामद हुआ। मोबाइल पर बात करके उसकी शिनाख्त हुई। पिता अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मृतका उनकी बेटी आरती शर्मा है। वह ग्वालियर के रहने वाले हैं, जबकि उन्होंने बेटी की शादी हमीरपुर के कस्बा भरुआ सुमेरपुर निवासी श्यामशरण के साथ की थी।

पति से विवाद के बाद आरती उससे अलग होकर कानपुर में नौबस्ता गल्ला मंडी के सागरपुरी में रह रही थी। जिस घर में वह रहती थी, वहीं आइसक्रीम फैक्ट्री है और वह उसमें काम करती थी। एसओ के मुताबिक आरती की पीठ पर गोली के दो निशान दिखाई पड़े हैं, मगर गोली आरपार नहीं हुई। वहीं पुलिस हमीरपुर के लिए रवाना कर दी गई है।

  • महिला के पति से विवाद की बात सामने आई है। मोबाइल सर्विलांस के माध्यम से जांच की जा रही है। जल्द ही राजफाश कर दिया जाएगा। -मोहित अग्रवाल, आइजी