Move to Jagran APP

Kanpur Nagar Nigam गृहकर के गबन में लटकी तलवार, अभी और कर्मी व अफसर के फंसने की आशंका

कानपुर के नगर निगम में कर में गबन के खेल का खुलासा होने पर शासन ने एक राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर दिया था। अब इसी मामले में और कर्मी व अफसर के फंसने की आशंका जताई जा रही है।

By Abhishek VermaEdited By: Updated: Sat, 06 Aug 2022 01:47 PM (IST)
Kanpur Nagar Nigam गृहकर के गबन में लटकी तलवार, अभी और कर्मी व अफसर के फंसने की आशंका
कानपुर में गृहकर में गबन में कई और के फंसने की आशंका।

कानपुर, जागरण संवाददाता। नगर निगम में नामांतरण और कर में गबन करने वाले राजस्व निरीक्षक हर्षित मिश्र को स्थानीय निकाय निदेशक नेहा शर्मा ने निलंबित कर दिया है। वहीं, इस प्रकरण में अभी और कई अफसर व कर्मचारी फंसेंगे।

अपर नगर आयुक्त प्रथम की अगुवाई में जांच जारी है। इस वित्तीय अनियमितता के खेल का दैनिक जागरण ने राजफाश किया था। नामांतरण और कर का धन उपभोक्ता से ले लिया लेकिन नगर निगम के खजाने में जमा नहीं किया गया। इससे जुड़ी करीब 20 रसीद बुकों की जांच की जा रही है।

यह हुआ था खेल : जोन दो में धन जमा करने के बाद भी नामांतरण न होने पर विभागीय कर्मचारियों ने रजिस्टर देखा तो पाया कि धन ही नहीं जमा है। इस बाबत तत्कालीन जोनल प्रभारी जोन दो बाल मुकुंद मिश्रा को 20 जून 2022 को शिकायत की गई।

इसमें कहा गया कि बीनू शर्मा निवासी आराजी संख्या 66/65 गोपाल नगर ने सात जनवरी 2022 को 31,240 रुपये नामांतरण शुल्क रसीद संख्या 5560/28 के माध्यम से जमा किया था, जिसे संबंधित राजस्व निरीक्षक हर्षित मिश्रा ने नगर निगम कोष में जमा नहीं कराया।

इसके अलावा रसीद संख्या 783477 के तहत संबंधित राजस्व निरीक्षक द्वारा 20,580 रुपये भी जमा नहीं किये गए। अन्य प्रकरणों में भी एमएसी-2 बुक की रसीदें जारी तो कर दी गईं लेकिन धनराशि नगर निगम को नहीं मिली।

अपर नगर आयुक्त प्रथम सूर्यकांत त्रिपाठी की जांच में मामला सामने आया। इस प्रकरण में कई और नाम शामिल हैं लेकिन मामला दबाने के लिए एक राजस्व निरीक्षक पर कार्रवाई की गई है।

यहां पर भी खेल

जोन तीन और पांच में भी नामांतरण व कर जमा करने में खेल हुआ है। जोन पांच में गलत तरीके से नामांतरण करने में कार्रवाई भी हुई है। इन दोनों जोनों में निजी कर्मचारी भी कार्य कर रहे हैं। एक कर अधीक्षक का स्थानांतरण हो गया है।

इसके बाद भी जोन में कार्यरत है। एक जोन में एक कर्मचारी के पास कई वार्ड थे। स्थानांतरण हो गया है। पहले भी एक विभाग में लापरवाही बरतने में हटाए गए थे।

पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। इसमें जो भी अफसर व कर्मचारी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। शासन ने राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर दिया है।- शिव शरणप्पा जीएन, नगर आयुक्त