Move to Jagran APP

Heat Wave: अर्ध शतक के करीब पहुंचा जिले में पारा, हमीरपुर में एक तो महोबा में हीटवेव ने ले ली चार की जान; ऐसा रहा कानपुर का हाल

Heat Wave मंगलवार को भी प्रदेश में लोगों का प्रचंड गर्मी से बुरा हाल रहा। वहीं कई जिलों का तापमान 45 के पार रहा। तेज धूप और लू के ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। वहीं अगर बात करें कानपुर की तो कानपुर के हर क्षेत्र में गर्मी के रौद्र रूप ने कईयों को अस्पताल पहुंचा दिया। मंगलवार को गर्मी ने हमीरपुर में दस वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा।

By Jagran News Edited By: Riya Pandey Updated: Tue, 28 May 2024 07:13 PM (IST)
Hero Image
नौपता के चौथे दिन अर्ध शतक के करीब पहुंच गया पारा

जागरण संवाददाता, कानपुर। Kanpur Weather News: मंगलवार को भी जिले में लोगों का प्रचंड गर्मी से बुरा हाल रहा। वहीं कई जगहों का तापमान 45 के पार रहा। तेज धूप और लू के ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया।

अगर बात करें कन्नौज में गर्मी के रौद्र रूप से आम जनमानस बेहाल है। सुबह से ही चटक धूप ने लोगों को खूब तपाया। सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। मौसम विभाग केमुताबिक मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 44.05 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.03 रिकॉर्ड किया गया है। दोपहर तीन बजे के बाद 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से पछुआ हवाएं चली।

दस वर्षों का रिकॉर्ड टूटा,  47 डिग्री पहुंचा पारा

मई का अंतिम सप्ताह में पड़ने वाला नौतपा खूब तप रहे हैं। प्रचंड गर्मी से आम जनजीवन तो प्रभावित हो रहा है। साथ ही यह धीरे-धीरे जानलेवा भी साबित हो रही है। जमीन इस तरह तप रही है मानो गर्म तवा। वहीं मंगलवार को दस वर्षों का रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए तापमान 47 डिग्री को छू गया। इस दिन का न्यूनतम तापमान भी 31 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं शाम 4:30 बजे तक किसी के मृत्यु होने की सूचना नहीं है। वहीं जिला प्रशासन ने बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है।

महोबा में प्रचंड गर्मी से चार की मौत

महोबा में मंगलवार को जनमानस को प्रचंड गर्मी का सामना करना पड़ा, अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से ही तपिश महसूस हो रही थी। इस वजह से कहीं पर भी चैन नहीं मिल रहा था। प्रचंड गर्मी के कारण जिले में मंगलवार को चार लोगों की मौत हो गई।

हमीरपुर में प्रचंड गर्मी से मजदूर की मौत

थाना क्षेत्र सिसोलर के ग्राम टोलामाफ निवासी 58 वर्षीय रामचरण सोमवार को सुबह मनरेगा के तहत खेत में मजदूरों के साथ काम करने गए थे। दोपहर छुट्टी होने पर अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर वह खेत में ही लेट गए और बाद में हालत बिगड़ते देख मजदूरों की मदद से उसे उसके घर पहुंचा दिया गया। जहां शाम को उनकी मौत हो गई। एस घटना से मृतक के स्वजन में कोहराम मच गया। स्वजन ने बताया कि तेज धूप के कारण रामचरण की मौत हुई है। वहीं मौसम विभाग के प्रेक्षक भवानीदीन ने बताया कि मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 48.2 तक पहुंच गया।

नौतपा के ताप ने मंगलवार को शहर से गांव तक लोगों को दिनभर बेचैन रखा। कड़ी व चिलचिलाती धूप में चार कदम भी चलना भारी पड़ रहा है। औरैया मंगलवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहा। जनपद में पिछले चार साल का रिकॉर्ड टूटा है। जिला सर्विलांस ऑफिसर डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि जिले में गर्मी से कोई मौत नहीं है।

अस्पताल हुए फुल

वहीं फर्रुखाबाद में सुबह से ही मौसम में गर्मी व उमस का अहसास होने लगा। दिन चढ़ने के साथ ही तापमान में वृद्धि शुरू हुई। दोपहर होते-होते तेज धूप व लपट के चलते जनजीवन पर इसका असर दिखने लगा। दोपहर में सड़कों पर लगभग सन्नाटा सा छाया रहा। गर्म मौसम के चलते अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लग रही है। इनमें उल्टी, दस्त, बुखार व चर्मरोग के मरीजों की संख्या अधिक है। गर्मी के कारण अभी तक किसी की मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। भीषण गर्मी का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा है। 

ओवरलोडिंग के साथ ट्रांसफार्मर फुंक हो रहे हैं। इसके अलावा बिजली लाइनों में फाल्ट भी बढ़ रहे हैं। गर्मी में बार-बार बिजली जाने से उपभोक्ता परेशान हैं। उपकेंद्रों पर ट्रांसफार्मरों को ठंडा करने के लिए कूलर लगाने के साथ ही सबमर्सिबल पंप से पानी डाला जा रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 45.7 व न्यूनतम 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बांदा में 49 डिग्री पहुंचा पारा

भीषण गर्मी में बांदा का अधिकतम तापमान 49 व न्यूनतम 33 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। नौतपा के पहले दिन अधिकतम तापमान 42 व न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस था। चौथे दिन अब सात डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। अभी नौतपा के पांच दिन शेष हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, अभी तापमान बढ़ सकता है। गर्मी से बचने के लिए घरों में दुबके लोगों का भी जीना मुहाल है। त्वचा झुलसाने वाली गर्मी अब लोगों के लिए आफत बन गई है। दोपहर को सड़कों गलियों में सन्नाटा पसरा रहता है। सुबह शाम को भी निकले लोग पूरी तरह से शरीर को ढके रहते हैं।

मंगलवार को प्रचंड गर्मी एहसास

फतेहपुर में मई माह के अंतिम चौथे सप्ताह में मंगलवार को प्रचंड गर्मी का एहसास हुआ। सुबह से तेज धूप निकली तो तपिश बढ़ती चली गई। दोपहर 12 बजे से हाईवे में चलने वाले लंबी दूरी के ट्रक के पहिए थमने शुरू हो गए। ड्राइवरों ने हाईवे के किनारे खुले ढाबों में गर्मी से बचाव करते हुए वाहन खड़े कर दिए।

जिला मुख्यालय में दोपहर के समय सन्नाटा चीरने लगा। घुमंतू मवेशी भी पेड़ों की छांव के नीचे हांफते हुए नजर आए। खरीदारों की कमी के चलते बाजारों में सन्नाटा दिखाई दिया। अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। गर्मी के चलते सेहत पर बुरा असर भी पड़ रहा है। चिकित्सकों के चेंबर के सामने मौसम से प्रभावित मरीजों की लंबी लाइनें लग रहीं हैं।

सड़कों पर छाया सन्नाटा

वहीं अगर बात करने उन्नाव की तो यहां भी यही हाल रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बीच आसमान से आग बरसी। दोपहर सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.60 डिग्री अधिक होने के कारण शाम के समय भी गर्म हवा के कारण लोगों में बेचैनी रही। वर्ष 2015 के बाद मई के अंतिम सप्ताह में तापमान इतना अधिक रहा।

अस्पतालों में आंख के मरीजों की भीड़

इटावा में मंगलवार को दिन में तेज धूप के चलते लोग गर्मी से बेहाल हो गए। हवा का बहाव 29.9 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से रहा। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से शाम तक गर्म हवाओं के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग घरों से बाहर नहीं निकले। आंख के मरीजों की संख्या बढ़ी है।

इसके अलावा कानपुर देहात में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।दोपहर के समय बाजार में सन्नाटा रहा। जो निकले भी वह छाया तलाशते रहे और वाटर फ्रीजर से ठंडा पानी पीकर राहत लिए।

यह भी पढ़ें- UP Weather News: यूपी में भीषण गर्मी के कहर के बीच आई अच्छी खबर, पूर्वांचल में जल्द बदलेगा मौसम, बारिश से मिलेगी राहत

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।