Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Kanpur Weather Today: कड़ी धूप और झुलसाने वाली लू से लोग परेशान, कंक्रीट के जंगल बढ़ा रहे गर्मी

Kanpur Weather Todayमौसम विज्ञानियों के अनुसार कंक्रीट के जंगलों ने शहर को हीट आइलैंड में बदल दिया है। बुंदेलखंड की चट्टानों की तरह ऊंची और पक्की इमारतों के चलते यहां तापमान हमेशा अधिक ही बना रहता है। इससे शहर में आग बरसाने वाली गर्मी की अवधि भी बढ़ रही है।

By Jagran NewsEdited By: Swati SinghUpdated: Sun, 11 Jun 2023 10:59 AM (IST)
Hero Image
कड़ी धूप और झुलसाने वाली लू से लोग परेशान, कंक्रीट के जंगल बढ़ा रहे गर्मी

कानपुर, जागरण संवाददाता। तेज धूप और लू के थपेड़ों के साथ ही अब गर्मी झुलसाने लगी है। सुबह से ही मानों आसमान से आग बरसने लगती है। शहर में पिछले तीन दिन से अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। पेड़-पौधों से आच्छादित क्षेत्रों में दिन का तापमान 40 तो ऊंची और पक्की इमारतों वाले क्षेत्रों में यह आंकड़ा 43 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, कंक्रीट के जंगलों ने शहर को हीट आइलैंड में बदल दिया है। बुंदेलखंड की चट्टानों की तरह ऊंची और पक्की इमारतों के चलते यहां तापमान हमेशा अधिक ही बना रहता है। इससे शहर में आग बरसाने वाली गर्मी की अवधि भी बढ़ रही है। अब सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक तापमान अधिकतम के आस-पास ही बना रहता है। इस वजह से गर्मी भी ज्यादा महसूस हो रही है।

सुबह ठंडक के बाद धीरे-धीरे बढ़ती गर्मी

शहर का तापमान सुबह से बढ़ने के साथ ही अधिकतम तापमान और सुबह के तापमान का अंतर धीरे-धीरे कम हो रहा है। पहले सुबह सवेरे तापमान कम रहता था और धीरे-धीरे गर्मी बढ़ती थी। गर्मी के दिनों में लोग सुबह- सवेरे महत्वपूर्ण काम निपटा लेते थे लेकिन अब सुबह 10 बजते-बजते शहर जैसे आग बरसाने लगता है। आठ जून को शहर का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री रहा लेकिन सुबह 10 बजे 36 तो दोपहर 12 बजे 39 डिग्री पर पहुंच गया। यानी अधिकतम और सुबह 10 बजे के तापमान में 3.8 डिग्री का ही अंतर रहा। ऐसा ही हाल पूरे सप्ताह देखने को मिला है।

ठंडी होने में वक्त लेती है कंक्रीट

मौसम विज्ञानियों का मानना है कि शहर में बढ़ते कंक्रीट के प्रयोग से यह हाल हुआ है। पक्की व सीमेंट की इमारतों के साथ ही अब शहर के फुटपाथ और सड़कें भी पक्की होती जा रही हैं। पक्की इमारतें सूरज की गर्मी से तपने के बाद ठंडी होने में वक्त लेती हैं। धीरे-धीरे तापमान कम होता है। इस वजह से दोपहर में तीन बजे अधिकतम तापमान होने के बाद रात नौ बजे तक भी इसमें तीन से चार डिग्री की ही कमी हो पाती है। शहर की ऊंची इमारतों और गलियों की वजह से हवा का बहाव भी रुकता है और तापमान नीचे जाने में बाधा उत्पन्न होती है।

आज धूल भरी आंधी के साथ हल्की वर्षा के आसार

दिन में बढ़ती गर्मी के साथ ही अब रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। सात जून की रात में तापमान 23 डिग्री था जो आठ जून को 25, नौ जून को 25.4 और नौ 10 जून की रात में 28.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के कारण रविवार को धूल भरी आंधी के साथ हल्की वर्षा के आसार हैं।

लू की चपेट में आए मरीजों की बढ़ी संख्या

तेजी से बढ़ रहे तापमान के कारण शरीर में पानी की कमी और लू की समस्या लेकर शुक्रवार को भी ओपीडी में 50 प्रतिशत मरीज आए। वहीं, बालरोग विभाग में डायरिया के लक्षण वाले आठ बच्चों को भर्ती किया गया है। मेडिसिन विभाग की वरिष्ठ प्रोफेसर और कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. रिचा गिरि ने बताया कि शनिवार को ओपीडी में उल्टी, दस्त, डायरिया के साथ पेट संबंधी समस्या से ग्रसित ज्यादातर मरीज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि शनिवार को किसी भी मरीज की डायरिया और लू से मौत नहीं हुई है। वहीं, गर्मी से शुक्रवार को बेहोश हुईं जूनियर रेजिडेंट और सीएसजेएमयू के छात्रा की हालत अब सामान्य है।