Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Weather Forecast Kanpur: छत्तीसगढ़ के चक्रवात से तेज हवाएं बढ़ाएंगी ठंड, दो दिन बाद नजर आएगा पहाड़ों पर बर्फबारी का असर

पश्चिमी विक्षोभ से आने वाली हवा को चक्रवात ने अपनी ओर खींचा है इससे हवा की रफ्तार बढ़ने के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद आने वाली सर्द हवाओं से मैदानी क्षेत्र में ठंडक बढ़ रही है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Updated: Tue, 17 Nov 2020 10:37 AM (IST)
Hero Image
हवाओं ने कानपुर की फिजा में घोली ठंडक।

कानपुर, जेएनएन। छत्तीसगढ़ में सक्रिय हुए विपरीत दिशा के चक्रवात ने पश्चिमी विक्षोभ की ओर से आने वाली हवा को अपनी ओर खींच लिया है, जिसकी वजह से कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, इटावा समेत आसपास के जनपदों में मौसम बदल गया। रविवार देर रात तेज हवा चली, बिजली गरजती रही और झमाझम बारिश हुई। इससे मैदानी क्षेत्र में ठंड में इजाफा हो गया है।

चक्रवात के सक्रिय रहने से कैस्पियन और भूमध्य सागर से आने वाली पश्चिमी हवा तेज गति से आएंगी। ऐसे में सामान्य से तेज हवा चलेगी, जबकि शीत लहर चलने के आसार हैं। अगले दो दिन में ठंडक और बढ़ने की संभावना है। आसमान में धूप के साथ ही बदली छाई रहेगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। यहां से ठंडी हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर आएंगी, जिनसे ठंडक बढ़ जाएगी। दूसरी ओर अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में निम्न वायुदाब का क्षेत्र बनने से नमी लिए हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर आ रही हैं। इन हवा की वजह से विपरीत दिशा का चक्रवात सक्रिय हो गया।

मौसम को देखते हुए किसानों के लिए सुझाव

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की ओर से मौसम को देखते हुए किसानों के लिए सुझाव जारी किए गए हैं। मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि वर्षा की संभावना पर तैयार फसलों की कटाई और मड़ाई तुरंत निपटाएं। धान व अन्य अनाज की कटाई के बाद उसमें नमी 12 फीसद से अधिक न हों, जिसका विशेष ध्यान रखा जाए।

  • -मौसम अनुकूल रहने पर रबी फसलों की बुआई जारी रखें।
  • -मटर और चने की बुआई यदि न की हो तो जल्द पूरा करें।
  • -काबुली चने के लिए सदाबहार, पूसा 1003, पूसा 267 प्रजातियों का उपयोग किया जा सकता है।
  • -सरसों की बुआई के लिए नरेंद्र सरसों, नरेंद्र अगैती, राई-चार, कांति, वरुणा बेहतर हैं।
  • -पिछैती फूलगोभी, बंदगोभी, ब्रोकली की नर्सरी तैयार करने का सही समय है।
  • -आलू की उन्नत किस्म में कुफरी ज्योति, कुफरी बादशाह, कुफरी अलंकार, कुफरी चंद्रमुखी, कुफरी बहार आदि शामिल हैं।
लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें