Move to Jagran APP

हाल-ए-मौसम : बादल छटने से खिली धूप, अगले कुछ दिन ऐसा ही रहेगा मौसम, लेकिन रात में रहेगी गलन

कानपुर में बादलों की वजह से लोग धूप के इंतजार में रहते थे। लेकिन मंगलवार की सुबह अपने साथ खिली धूप लेकर आई। जिसने लोगों को ठंड से थोड़ी राहत दी। हलांकि मौसम वैज्ञानिकों को कहना है कि अभी रात में गलन और शीतलहर जारी रहेगी।

By Abhishek VermaEdited By: Updated: Tue, 25 Jan 2022 01:18 PM (IST)
हाल-ए-मौसम : बादल छटने से खिली धूप, अगले कुछ दिन ऐसा ही रहेगा मौसम, लेकिन रात में रहेगी गलन
पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने पर आसमान से बादलों का छंटना शुरू।

कानपुर, जागरण संवाददाता। Kanpur weather update: पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के साथ ही आसमान से बादलों का छंटना शुरू हो गया है। रात में गलन व शीतलहर बढ़ी है और सुबह कोहरे में इजाफा हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने न्यूनतम पारा चार डिग्री तक होने की संभावना जताई है। साथ ही कोहरे के कारण यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार से लेकर फरवरी माह शुरू होने तक इसी तरह का मौसम रहेगा और इसके बाद फिर पश्चिमी विक्षोभ अपना असर दिखा सकता है।

सीएसए विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि ठंड और कोहरे के बीच दो दिन पहले हुई बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। शनिवार को बारिश व बू्ंदाबांदी के बाद रविवार को भी पूरे दिन फुहार पड़ी। मौसम सर्द रहा व शीतलहर चलती रहीं, लेकिन सोमवार से मौसम में बदलाव हुआ है और उत्तर पश्चिमी हवाओं ने फिर से असर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह गंगा व अन्य नदियों के आसपास कोहरा छाया रहा, जो कि आने वाले दिनों में और बढ़ने के आसार हैं।

डा. पांडेय ने बताया कि मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिन तक घना कोहरा पड़ने और न्यूनतम तापमान काफी कम होने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में रात में गलन और दिन में शीतलहर में बढ़ोत्तरी हो सकती है। एक फरवरी के बाद हिमालय के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। तब आसमान में फिर से बादल छा सकते हैं और न्यूनतम तापमान में फिर से बढ़ोत्तरी हो सकती है। 15 फरवरी के बाद ही लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। तब तक लोग सचेत रहें। खासतौर से इन दिनों में फसलों की विशेष देखभाल करें। पाला गिरने की आशंका के चलते फसलों में पर्याप्त नमी बनाए रखें।