Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Kanpur News: बस्ती स्टेशन से प्रेमी संग पकड़ी गई अपहृत छात्रा, नेपाल भागने की फिराक में थे दोनों; ऐसे खुला राज

कानपुर के बर्रा विश्वबैंक निवासी छात्रा ने अपहरण की झूठी कहानी रची थी। प्रेमी के साथ फिरौती के नाम पर रकम ऐंठने की योजना थी। दोनों नेपाल भागने की फिराक में थे कि पुलिस ने दोनों को बस्ती स्टेशन से दबोच लिया। पुलिस को छात्रा के मोबाइल ऑन होने पर सफलता मिल सकी। पुलिस आज प्रकरण पर से पर्दा उठाएगी।

By Jagran NewsEdited By: Pragati ChandUpdated: Mon, 07 Aug 2023 12:22 PM (IST)
Hero Image
पुलिस के गिरफ्त में प्रेमी के साथ पकड़ी गई छात्रा। -जागरण

कानपुर, जागरण संवाददाता। छात्रा के कथित अपहरण कांड का रविवार रात पटाक्षेप हो गया। पुलिस ने बर्रा विश्वबैंक निवासी छात्रा को उसके प्रेमी के साथ बस्ती के रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया। ऐसा बताया जा रहा है कि दोनों नेपाल भागने की फिराक में थे। पुलिस की एक टीम उन्हें बस्ती से वापस लाने को रवाना हुई। आज पुलिस इस पूरे प्रकरण से पर्दा उठाएगी।

यह है मामला

बर्रा विश्वबैंक निवासी 21 वर्षीय छात्रा शुक्रवार शाम घर से निकली थी, लेकिन काफी देर बाद भी नहीं लौटी। रात करीब आठ बजे पिता के मोबाइल पर छात्रा के नंबर से ही वाट्सएप पर वीडियो आया। छात्रा का मुंह लाल रंग के कपड़े से बंधा था। वाइस रिकार्डिंग भी भेजी गई थी, जिसमें 10 लाख रुपये मांगे गए थे। स्वजन ने बर्रा थाने में फिरौती के लिए अपहरण करने की धारा में मुकदमा दर्ज कराया। छात्रा को तालशने के लिए छह टीमें लगाईं थीं। हालांकि शनिवार को पुलिस को लखनऊ के कुछ फुटेज मिले थे, जिसमें छात्रा एक युवक के साथ बाहों में बाहें डाले घूमती दिखाई पड़ी। यह वीडियो फिरौती मांगे जाने के दो घंटे बाद का था।

वहीं पुलिस को जांच में पता चला था कि छात्रा के प्रेम संबंध बर्रा-6 निवासी राज से हैं और दोनों ने शादी भी कर ली है। इसके बाद से यह साफ हो गया था कि अपहरण का मामला संदिग्ध है। हालांकि पुलिस को राज के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी मिली तो उन्हें चिंता हुई कि कहीं फंसने के डर से वह छात्रा की हत्या न कर दे।

ऐसे दबोचे गए प्रेमी युगल

शनिवार की शाम छात्रा के पिता पर फिरौती के लिए दोबारा काल आई तो पुलिस उसके अनुसार आरोपितों के पीछे लगी। देर रात गोंडा में दोनों के होना का इनपुट मिला। टीम गोंडा पहुंच गई, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। दोनों जिस रास्ते का प्रयोग कर रहे थे, उससे अनुमान लगाया गया कि दोनों नेपाल भागने की फिराक में हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इसी बीच छात्रा को मोबाइल नंबर कुछ समय के स्विच आन हुआ। इसके बाद आनन फानन टीम को आगे दौड़ाया गया। रविवार रात करीब आठ बजे पुलिस ने छात्रा को उसके प्रेमी राज के साथ ही दबोच लिया। एसीपी अभिषेक पांडेय की टीम ने दोनों को वापस कानपुर ला रही है।

क्या कहते हैं अधिकारी

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आनंद प्रकाश तिवारी ने कहा कि छात्रा का अपहरण नहीं हुआ था। वह अपने प्रेमी के साथ घर से गई थी। दोनों ने 22 मई 2023 को कोर्ट मैरिज कर लिया है। छात्र के माता-पिता से फिरौती की रकम ऐंठने के उद्देश्य से अपहरण का नाटक रचा गया। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

एक खाता मिला खाली

पुलिस सूत्रों के अनुसार, छात्रा का एक खाता पंजाब नेशनल बैंक में है, जिससे गुरुवार से शुक्रवार रात तक आठ से 10 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। उस खाते में अब कुछ नहीं बचा है। पुलिस की जांच छात्रा के दूसरे खातों कमी भी हो रही है।

हिस्ट्रीशीटर का भाई है राज

राज का भाई अर्जुन उर्फ आर्यन बर्रा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वर्ष 2019 में उसकी ए श्रेणी की हिस्ट्रीशीट खुली थी। वहीं, राज पर भी गोविंद नगर, पनकी समेत थानों में चोरी व लूट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। राज के आपराधिक इतिहास के चलते पुलिस छात्रा को जल्द से जल्द उसके चंगुल से बचाना चाहती है।वहीं बर्रा थाना प्रभारी को यह तक नहीं पता था कि राज का भाई उन्हीं के थाने से हिस्ट्रीशीट है। रविवार दोपहर जानकरी मिलने के बाद इसे अपनी डायरी में शमिल किया।

..तो क्या पिता को भेजने से एक दिन पहले बना लिया था वीडियो

राज की भाभी व चाची के अनुसार, छात्रा गुरुवार की दोपहर राज के कमरे में गई थी। वहीं, अपहरण वाला जो वीडियो भेजा गया है। उसके बैकग्राउंड में कुछ महिलाओं की आवाज आ रही है। आशंका है कि वह वीडियो राज के कमरे में बनाया गया है। अब सवाल ये उठता है कि छात्रा ने इस तरह का वीडियो खुद क्यों बनवाया। क्या उसने पिता से रुपये लेने का यह तरीका अपनाया है या फिर राज ने अन्य रील की तरह उसका इस तरह का वीडियो बहाने से बना लिया। जिसे अब इस्तेमाल कर वह उनके पिता से फिरौती मांग रहा है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर