Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Kanpur News: शुक्लागंज-मैस्कर घाट के समानांतर बनेगा नया पुल, शासन को भेजा गया प्रस्ताव

कानपुर के मैस्कर घाट पर गंगा नदी पर बने पुराने पुल के समानांतर एक नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस पुल के निर्माण से शुक्लागंज और कानपुर के बीच यातायात का दबाव कम होगा। पुल निर्माण के लिए लगभग 396 करोड़ रुपये की लागत का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव को 2024-25 की कार्ययोजना में शामिल करने के लिए भेज दिया गया है।

By ritesh dwivedi Edited By: Abhishek Pandey Updated: Thu, 03 Oct 2024 09:00 AM (IST)
Hero Image
शुक्लागंज-मैस्कर घाट के समानांतर बनेगा नया पुल, शासन को भेजा गया प्रस्ताव

जागरण संवाददाता, कानपुर। शुक्लागंज को शहर से जोड़ने के लिए गंगा नदी पर बने 147 वर्ष पुराने पुल को तीन साल पहले बंद कर देने के बाद से मैस्कर घाट के नए पुल पर वाहनों का दबाव ज्यादा है। इस पुल के समानांतर नया पुल बनाने की मांग लगातार उठ रही है।

सेतु निगम के इंजीनियरों ने पुराने पुल और मैस्कर घाट पर बने पुल के समानांतर नया पुल बनाने की कार्ययोजना तैयार की है। पुल निर्माण के लिए लगभग 396 करोड़ रुपये की लागत का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव को 2024-25 की कार्ययोजना में शामिल करने के लिए भेज दिया है।

शुक्लागंज-मैस्कर घाट पुल की चौड़ाई कम होने के कारण प्रतिदिन शाम को घंटों जाम लगता है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए शहर के साथ ही उन्नाव के जनप्रतिनिधि लगातार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र देकर पुल निर्माण कराने की मांग कर रहे थे। पांच सितंबर को मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर सेतु निगम ने नए पुल के निर्माण के लिए फिजिबिलिटी सर्वे कराया था।

टीम ने कानपुर के साथ ही शुक्लागंज में सर्वे किया था। इस टीम ने शुक्लागंज साइड की मिश्रा कालोनी तक पुल बेस तैयार करने के लिए सर्वे किया था। टीम ने पुराने पुल से 50 मीटर की दूरी रखते हुए नए पुल का निर्माण की रूपरेखा तैयार की थी। चिह्नित स्थानों पर निशान भी लगाए थे। इसी रिपोर्ट के आधार पर सेतु निगम ने पुल निर्माण के साथ ही आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) का प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है।

हालांकि पुल के साथ ही आरओबी का निर्माण कैसे होगा, इस संबंध में सेतु निगम के अधिकारी अभी कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। इंजीनियरों का कहना है कि अभी प्रारंभिक रूपरेखा तैयार करके अनुमानित आकलन का प्रस्ताव भेजा गया है। अगर प्रस्ताव शासन में स्वीकृत हो जाता है तो आगे की कार्यवाही की जाएगी।

मुख्य परियोजना निदेशक सेतु निगम दिनेश कुमार यादव ने बताया-

 शुक्लागंज से शहर को जोड़ने के लिए पुराने पुल के समानांतर नए पुल और आरओबी निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। लगभग 396 करोड़ रुपये का यह प्रस्ताव अगले वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में शामिल करने के लिए भेजा गया है। अगर कार्ययोजना में यह प्रस्ताव स्वीकृत होता है तो आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज-

शुक्लागंज के बंद पुराने गंगापुल के पास ही दूसरा पुल बनवाने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया था। मिट्टी का परीक्षण हो चुका है। उम्मीद है मुख्यमंत्री उन्नाव के निवासियों की समस्या को देखते हुए पुल की जल्द स्वीकृति देंगे।

इसे भी पढ़ें: सिलेंडर में आग से अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, पांच की मौत; चार पुलिसकर्मी सस्‍पेंड

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें