Move to Jagran APP

कानपुर में ध्रुपद धमार, भजन, कथक और भी बहुत कुछ..., रामायण कानक्लेव से बिठूर राममय

कानपुर के बिठूर के सुधांशु जी आश्रम में आयोजित रामायण कानक्लेव में ध्रुपद धमार भजन कथक के जरिए प्रभु श्रीराम का चरित्र जीवंत किया जा रहा है। रामकथा व रामायण पर आधारित कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Updated: Mon, 27 Sep 2021 08:16 AM (IST)
Hero Image
सुधांशु जी आश्रम में लोकगीतों पर मंत्रमुग्ध हुए भक्त।
कानपुर, जेएनएन। बिठूर की पावन धरती पूरी तरह राममय हो गई है। सुधांशु जी आश्रम बैकुंठपुर में अयोध्या शोध संस्थान संस्कृति विभाग की ओर से 'जन-जन के राम' रामायण कान्क्लेव में राम कथा, राम की शक्ति पूजा के दौरान भक्ति का ज्वार देखने लायक बन रहा है। दो दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य भगवान श्रीराम की जीवनी से परिचित कराना है। यहां पहले दिन नारी सम्मान और रामकथा के साथ ध्रुपद धमार, भजन, सुगम संगीत, कथक नृत्य नाटिका, लोक गायन भी आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं सोमवार को रामकथा व रामायण पर आधारित कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।

रामायण कानक्लेव में भगवान श्रीराम की महिमा बखानते सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम की शुरुआत शाम को पंडित विनोद कुमार द्विवेदी व उनकी टीम की ओर से ध्रुपद धमार की प्रस्तुति से हुई। भजन संध्या में प्रवीण सिंह तथा सुगम संगीत में विभा सिंह ने प्रस्तुति दी। लखनऊ की कथक नृत्य नाटिका अर्चना तिवारी व लोक गायन में दीपक त्रिपाठी ने भगवान श्रीराम के भजनों से त्रेतायुग का जीवंत परिचय कराया। अंत में लखनऊ के निसर्ग ने राम की शक्ति पूजा का आयोजन कर भक्तों को प्रभु श्रीराम की अनन्य भक्ति का महत्व समझाया। इस मौके पर महंत डा. भरतदास, दंडी स्वामी रमाकांत शुक्ल, डा. गायत्री सिंह, डा. रेखा राजवंशी, डा. लवकुश द्विवेदी, डा. प्रदीप दीक्षित और छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक मौजूद रहे।

लोकगीतों पर मंत्रमुग्ध होकर झूमे भक्त : अंतरराष्ट्रीय लोकगायक दीपक त्रिपाठी ने 'ले चल अपनी नगरिया अवध बिहारी सांवरिया' और 'सीताराम जी की प्यारी रजधानी लागे मोहे मीठों-मीठों सरयू का पानी लागे' गीतों पर भक्त जमकर झूमे। अंतरराष्ट्रीय फलक पर भोजपुरी लोकगीतों के जरिए धूम मचाने वाले दीपक ने माहौल को राममय बना दिया।

चित्रकला शिविर में उकेरा प्रभुु श्रीराम का स्वरूप : चित्रकला शिविर में चित्रकारों ने भगवान श्रीराम के स्वरूप को तूलिका से उकेरा। राज्य ललित कला अकादमी के शिविर संयोजक डा. अजय पाठक ने बताया कि शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीताराम कश्यप ने किया। शिविर में कलाकार डा. पूर्णिमा तिवारी, डा. रचना निगम, परमेंद्र पांडेय, अभिनय प्रकाश सिंह, संतोष दीक्षित, सुनील यादव व डा. दीपा पाठक ने भगवान श्रीराम के स्वरूप बनाएं।

आज होंगे ये कार्यक्रम : भजन की प्रस्तुति शहर की कविता सिंह, लखनऊ के किशोर चतुर्वेदी और वाराणसी के राहुल व रोहित मिश्रा करेंगे। लोकनृत्य में सपना सिंह की टीम रामायण काल के लोकनृत्य की प्रस्तुति करेंगी। संस्कार गीतों में राम कार्यक्रम के जरिए गीता शुक्ला भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगी। रामायण कानक्लेव का समापन रामायण पर आधारित कवि सम्मेलन से होगा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।