Move to Jagran APP

सपा विधायक इरफान सोलंकी फरार घोषित, पुलिस ने कोर्ट से लिया गैर जमानती वारंट और अब करेगी कुर्की की कार्यवाही

कानपुर के जाजमऊ में डिफेंस कालोनी स्थित केडीए के प्लाट पर स्वामित्व विवाद में झोपड़ी जलाने के मामले में दर्ज मुकदमे में आरोपित सपा विधायक इरफान सोलंकी और भाई रिजवान सोलंकी के फरार घोषित होने पर पुलिस अब कुर्की की कार्यवाही की तैयारी कर रही है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Updated: Thu, 17 Nov 2022 02:19 PM (IST)
Hero Image
सपा विधायक और भाई को कानपुर पुलिस तलाश रही है।

कानपुर, जागरण संवाददाता। जाजमऊ स्थित डिफेंस कालोनी में केडीए के प्लॉट के स्वामित्व विवाद में महिला द्वारा दर्ज कराए आगजनी, बलवा और धमकी देने के मुकदमे में आरोपित सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी को पुलिस ने फरार घोषित कर दिया है। पुलिस ने सोलंकी भाइयों के खिलाफ अदालत से गैर जमानती वारंट हासिल किया है। अधिकारियों के मुताबिक सपा विधायक और उनके भाई के खिलाफ पुलिस कुर्की की कार्यवाही भी करेगी।

सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी के खिलाफ 8 नवंबर को फातिमा ने थाना जाजमऊ में मुकदमा दर्ज कराया था। उसका आरोप है कि रिजवान सोलंकी अपने घर के बगल में प्लाट पर कब्जा करना चाहते हैं। वह कई बार प्लाट की कब्जाधारक नजीर फातिमा को धमका चुके हैं। उसने बात नहीं मानी तो 7 नवंबर की रात करीब 8:00 बजे प्लाट में बनी झोपड़ी में आग लगा दी गई।

मुकदमा दर्ज होने के बाद से सपा विधायक और उनके भाई की तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस ने लखनऊ में होने की जानकारी पर सपा मुख्यालय और विधायक आवास में भी दबिश दी थी। उनके मोबाइल फोन स्विच ऑफ हैं और गैर प्रांत में होने का सुराग लगा था। हालांकि अभी पुलिस उनकी गिरफ्तारी नहीं कर सकी है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने अदालत से दोनों आरोपितों के खिलाफ गैर जमानती वारंट ले लिया है। अब कुर्की की कार्यवाही भी शुरू की जाएगी। पहले सीआरपीसी की धारा 82 के तहत कार्रवाई होगी, इसके बाद कुर्की की जाएगी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।