Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Uttar Pradesh: आपरेशन के दौरान महिला के पेट में छोड़ दिया स्पंज, दो महीने बाद हो गई मौत

ऊफ खान के अनुसार उनकी पत्नी बुशरा बानो का दो माह पूर्व उर्सला अस्पताल में पित्त की थैली का आपरेशन हुआ था। आपरेशन के बाद भी उन्हें उल्टियां और घाव से मवाद आने की समस्या बनी हुई थी। इस पर उन्होंने बुशरा को गंभीर हालत में आठ अगस्त को शारदा नगर के अनुराग अस्पताल में भर्ती कराया। यहां एमआरआइ जांच हुई तो पता चला कि पेट में स्पंज पड़ा है।

By Jagran NewsEdited By: Nitesh SrivastavaUpdated: Tue, 15 Aug 2023 08:39 AM (IST)
Hero Image
तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। जागरण

जागरण संवाददाता, कानपुर : उर्सला अस्पताल में दो माह पूर्व महिला की पित्त की थैली के आपरेशन के दौरान डाक्टर ने पेट में स्पंज छोड़ दिया। इसके बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती चली गई।

स्वजन ने आठ अगस्त को उन्हें शारदा नगर स्थित अनुराग अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एमआरआइ रिपोर्ट में स्पंज मिलने की पुष्टि हुई। दोबारा आपरेशन के बाद सोमवार दोपहर महिला की जान चली गई। हालांकि, स्वजन ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

MRI में स्पंज मिलने की पुष्टि

नौबस्ता देवकी नगर निवासी रऊफ खान के अनुसार, उनकी 40 वर्षीय पत्नी बुशरा बानो का दो माह पूर्व नौ जून को उर्सला अस्पताल में पित्त की थैली का आपरेशन हुआ था। आपरेशन के बाद भी उन्हें उल्टियां और घाव से मवाद आने की समस्या बनी हुई थी। इस पर उन्होंने बुशरा को गंभीर हालत में आठ अगस्त को शारदा नगर के अनुराग अस्पताल में भर्ती कराया।

यहां एमआरआइ जांच हुई तो पता चला कि पेट में स्पंज पड़ा है। इसके बाद डाक्टर एएस सेंगर ने उनका आपरेशन किया तो स्पंज निकला। तीन दिन तक बुशरा की हालत ठीक रही लेकिन सोमवार दोपहर उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल के प्रशासक जितेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि महिला के पेट में मिला स्पंज आपरेशन के बाद सौंप दिया गया है।

मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो मामला गंभीर है। मरीज के स्वजन की शिकायत के आधार पर जांच कराएंगे और जो भी दोषी होगा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डा. एसपी चौधरी, निदेशक, उर्सला अस्पताल