Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Tauktae Cyclone: लापता बेटे के लिए कानपुर में मांगी जा रही थी दुआ, अचानक आई दुखद खबर ने उड़ाए सबके होश

Tauktae Cyclone Latest News Update कानपुर के ककवन थानाक्षेत्र के फत्तेपुर गांव निवासी शिव सिंह पाल कानपुर में एक निजी फैक्ट्री में कार्य करते हैं। उनके दूसरे पुत्र 23 वर्षीय सुशील ओएनजीसी के तेल के कुएं में काम कर रहा था।

By Shaswat GuptaEdited By: Updated: Thu, 20 May 2021 10:47 PM (IST)
Hero Image
महाराष्ट्र में टाक्टे का भयावह रूप और दिवंगत सुशील की फोटो।

कानपुर, जेएनएन। Tauktae Cyclone Latest News Update महाराष्ट्र में आए टाक्टे तूफान में फंसकर बिल्हौर के ककवन के युवक की भी मौत हो गई। वह मुंबई हाई में ऑयल एंड नेचुरल गैस (ओएनजीसी) के तेल के कुएं से संबद्ध रिहायशी नौका (बार्ज) पी 305 में हेल्पर था। दो दिन पहले ही उसके स्वजन को लापता होने की सूचना मिली थी और उसकी सलामती की दुआ मांगी जा रही थी। मौत की पुष्टि से उसके घर में कोहराम मच गया। स्वजन महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए। दो माह पहले ही उसे वहां नौकरी मिली थी।

कानपुर के ककवन थानाक्षेत्र के फत्तेपुर गांव निवासी शिव सिंह पाल कानपुर में एक निजी फैक्ट्री में कार्य करते हैं। उनके दूसरे पुत्र 23 वर्षीय सुशील ओएनजीसी के तेल के कुएं में काम कर रहा था। सुशील के बहनोई मदरापुर मैथा कानपुर देहात निवासी दिलीप पाल ने बताया कि उनका गांव निवासी भतीजा अजय चार वर्ष से वहां काम कर रहा है। दो माह पूर्व उसने ही सुशील को बार्ज पी 305 में क्रू मेंबर की नौकरी दिलाई थी। अजय इस समय छुट्टी पर गांव आ गया था। दो दिन पूर्व अजय को जहाज डूबने और सुशील के लापता होने की जानकारी मिली थी। तबसे परिवार के लोग व रिश्तेदार उसकी सलामती की प्रार्थना कर रहे थे लेकिन गुरुवार सुबह सुशील का शव मिलने की जानकारी मिली। इससे स्वजन में कोहराम मच गया। दोपहर बाद सुशील के स्वजन महाराष्ट्र रवाना हो गए।

सरल स्वभाव का था सुशील: सुशील की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने बताया कि नाम के अनुरूप ही सुशील बहुत सरल स्वभाव का था और गांव में सबसे घुल मिलकर रहता था।

साथ में समुद्र देखना चाहते थे स्वजन व दोस्त: सुशील की नौकरी लगने पर स्वजन व उसके दोस्त समुद्र में जहाज पर जाने की सोचने रहे थे। दोस्त नीरज ने बताया कि 15 दिन पहले ही सुशील से बात हुई थी। उसने अपने साथ ले जाकर जहाज व समुद्र दिखाने का वादा किया था लेकिन इससे पहले उसकी मौत की खबर आ गई।