Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Assembly By Election: खोई सियासी ताकत पाने की कोशिश में कांग्रेस, सीसामऊ सीट पर चल सकती है बड़ा दांव

लोकसभा चुनाव में जबरदस्त वापसी के बाद कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अब अपनी खोई हुई सियासी ताकत वापस पाने में जुट गई है। अब वह सीसामऊ सीट पर होने वाले उपचुनाव पर इंडिया गठबंधन में दावेदारी पेश कर सकती है। यहां मतों के आकलन से नेतृत्व तक बात पहुंचाई गई है। कांग्रेसी सीट पर नियुक्त किए गए प्रभारी सांसद किशोरी लाल शर्मा के आने का इंतजार कर रहे हैं।

By shiva awasthi Edited By: Abhishek Pandey Updated: Tue, 20 Aug 2024 07:47 AM (IST)
Hero Image
सीसामऊ सीट पर कांग्रेस चल सकती दांव, बढ़े मतों पर निगाह

जागरण संवाददाता, कानपुर। लोकसभा चुनाव में अच्छे प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने वर्षों से खोई सियासी ताकत पाने के प्रयास तेज किए हैं। सबसे पहला दांव विधानसभा उपचुनाव में सीसामऊ सीट पर चल सकती है। यहां मतों के आकलन से नेतृत्व तक बात पहुंचाई है।

कांग्रेसी सीट पर नियुक्त किए गए प्रभारी सांसद किशोरी लाल शर्मा के आने का इंतजार कर रहे हैं। अंदरखाने तैयार रोडमैप प्रभारी के सामने रख कांग्रेस की मजबूती बताएंगे।

उपचुनाव को लेकर सभी पार्टियां सक्रिय

अभी भले विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिगुल नहीं बजा है, पर भाजपा के साथ सपा-कांग्रेस व बसपा की सीसामऊ विधानसभा सीट पर तैयारी तेज है। भाजपा ने कद्दावर नेता उतारे हैं। सपा ने प्रभारी तय कर दिया है। कांग्रेस ने गांधी परिवार के करीबी किशोरी लाल शर्मा को प्रभार सौंपा है। बसपा भी सक्रिय है।

कांग्रेस व सपा आइएनडीआइए के हिस्सा हैं लेकिन इनके बीच कतरब्योंत दिख रही है। पहले सपा व फिर कांग्रेस ने प्रभारी घोषित किया। कांग्रेस के सिपहसालार नेतृत्व तक बात पहुंचा रहे हैं कि इस सीट पर 2022 में विधायक चुने गए इरफान सोलंकी 11 हजार मतों से जीते थे। उनके जेल जाने के बाद उपचुनाव की स्थिति बनी है। इस बीच 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी आलोक मिश्र ने यहां भाजपा से 27 हजार वोटों की लीड ली।

माना जा रहा कि उन्हें हर बिरादरी का समर्थन मिला। दावा हो रहा कि इरफान के जेल जाने से सपा यहां कमजोर हुई है। इसलिए कांग्रेस मजबूती से लड़ेगी। इसी तर्क को प्रभारी को समझाने की जुगत चल रही है।

कांग्रेस से इन लोगों ने की दावेदारी

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी, नरेश चंद्र त्रिपाठी, दिलीप बाजपेई, लल्लन अवस्थी, पूर्व विधायक संजीव दरियाबादी समेत एक दर्जन दावेदार यहां सक्रिय हैं। वहीं, सपा नेतृत्व इरफान के परिवार से ही किसी को चुनाव लड़ाने की मंशा साफ जाहिर कर चुका है।

पीसीसी सदस्य संदीप शुक्ल कहते हैं, कांग्रेस ने सीसामऊ में अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए पार्टी का दावा बनता है। शहर अध्यक्ष नौशाद भी नेतृत्व से निर्देश की बात कहकर इसे बल देते हैं। उनका कहना है, पार्टी की स्थिति मजबूत हुई है। गठबंधन धर्म का पालन पहले है लेकिन नेतृत्व के निर्देश पर संगठन निर्णय लेगा।

इसे भी पढ़ें: अपना दल एस ने सीसामऊ विधानसभा सीट पर पेश की दावेदारी, अनुप्रिया पटेल बोली- भाजपा नेतृत्व से करेंगे बात

इसे भी पढ़ें: UPPCL: यूपी में महंगी या सस्ती होगी बिजली? विद्युत नियामक आयोग की राज्य सलाहकार समिति ने स्पष्ट किया रुख

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर