Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Weather Forecast Kanpur: रिमझिम बारिश संग उमड़ते-घुमड़ते रहे बादल, अभी दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

मध्य प्रदेश के मध्य भाग के पास नया मानसूनी सिस्टम बन गया है जो यूपी की ओर बढ़ने से आसमान में बादल छाए रहने और बारिश के आसार बने हैं।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Updated: Thu, 03 Sep 2020 06:17 PM (IST)
Hero Image
Weather Forecast Kanpur: रिमझिम बारिश संग उमड़ते-घुमड़ते रहे बादल, अभी दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

कानपुर, जेएनएन। मौसम में रोजाना बदलाव जारी है, चटक धूप में कभी उमस तो कभी बारिश तरबतर कर रही है। यह स्थिति अगले दो दिन तक बने रहने की संभावना है। गुरुवार को सुबह से बादल उमड़ते-घुमड़ते रहे और रिमझिम बारिश से मौसम खुशनुमा बना रहा। फिलहाल मौसम विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञानियों की मानें तो बंगाल की खाड़ी में जहां निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है, वहीं मध्य प्रदेश के मध्य भाग के पास नया मानसूनी सिस्टम बन गया है। इससे यूपी के मध्य क्षेत्र में कानपुर समेत आसपास के जनपदों में आसमान में बादल छाए रहेंगे, जबकि हवा सामान्य से तेज चलेगी। मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय ने बताया कि मध्य प्रदेश के नजदीक चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। यह सिस्टम पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ेगा। मानसून की अक्षीय रेखा उत्तरावर्ती हो रही हैं, जो कि राजस्थान के उत्तरी भागों से मध्य प्रदेश होते हुए पूर्वोत्तर भारत में असोम तक पहुंच गई है। बंगाल की खाड़ी और दक्षिण पूर्वी अरब सागर पर मौसमी सिस्टम बनते रहेंगे। रिमझिम बारिश, धूप और बदली का मौसम आगे भी जारी रहने के आसार बने हैं।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं आद्रता अधिकतम 84 फीसद रिकॉर्ड की गई है, वहीं बुधवार से गुरुवार सुबह तक 20 मिमी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने फिलहाल आसमान में आंशिक बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें