Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP News: देह व्यापार की शिकार हुई महिला की इलाज के दौरान मौत, सहेली ने ही किया था धोखा

कानपुर में एक महिला की देह व्यापार के लिए तस्करी की गई और उसे बंधक बनाकर रखा गया। हालत बिगड़ने पर आरोपी महिलाएं उसे सड़क पर छोड़कर फरार हो गईं। पीड़िता की मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। डीसीपी सेंट्रल दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।

By akash shakya Edited By: Abhishek Pandey Updated: Mon, 09 Sep 2024 08:10 AM (IST)
Hero Image
देह व्यापार का शिकार हुई महिला की इलाज के दौरान मौत

जागरण संवाददाता, कानपुर। शहर में बंधक बनाकर देह व्यापार कराने का शिकार हुई महिला की शनिवार देर रात को उर्सला अस्पताल में मौत हो गई।

महिला तीन माह पूर्व तीन बच्चियों के साथ बलरामपुर स्थित ससुराल से कानपुर में मायके आने के लिए निकली थी। इस बीच पहचान की एक महिला उसे झांसे में लेकर बच्चियों समेत बर्रा में रहने वाली महिला के घर ले गई और यहां उन्हें बंधक बना लिया गया। हालत बिगड़ने पर आरोपित महिलाएं पीड़िता को मरणासन्न हालत में ग्वालटोली में फेंक फरार हो गई थीं।

दिल्ली में नौकरी करने वाले बलरामपुर निवासी युवक ने बताया, उसकी 35 वर्षीय पत्नी तीन बच्चियों के साथ गांव में रहती थी। करीब तीन माह पहले कानपुर के ग्वालटोली स्थित मायके आने के लिए बस से निकली थी। पति ने बताया कि कानपुर आने के बाद घंटाघर में पत्नी की मुलाकात ग्वालटोली की पूर्व परिचित ज्योति से हुई।

आरोप है कि ज्योति पत्नी और बच्चियों को अपने साथ बर्रा निवासी महिला शशि पांडेय के घर ले गई। यहां दोनों महिलाओं ने उन्हें एक कमरे में बंधक बना लिया। बेहोशी का इंजेक्शन देकर पत्नी को देह व्यापार के धंधे में ढकेल दिया। तीन सितंबर को पत्नी की हालत बिगड़ने पर आरोपित महिलाएं उसे ग्वालटोली स्थित शनिदेव मंदिर के पास सड़क पर बच्चियों समेत मरणासन्न हालत में फेंक कर चली गईं।

पुलिस ने पत्नी को उर्सला अस्पताल में भर्ती कराकर घटना की जानकारी स्वजन को दी। शनिवार देर रात उपचार के दौरान पत्नी की मौत हो गई।

डीसीपी सेंट्रल दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपित महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जबकि दूसरी आरोपित महिला की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में मामला देह व्यापार का प्रतीत नहीं हो रहा है।