Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कानपुर में रैली से लौटे युवकों ने की भड़काऊ नारेबाजी, पुलिस ने 17 लोगों को हिरासत में लिया; फिर आया बुलडोजर

Kanpur News चौबेपुर के रूद्रपुर बैल गांव में शनिवार की रात रैली से लौटे एक वर्ग के युवकों द्वारा उत्तेजक नारेबाजी करने पर संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों से हुए पथराव में 16 लोग घायल हो गए। जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेजा गया है। डीसीपी पश्चिम ने पड़ताल करते हुए पुलिस बल तैनात किया है।

By naresh pandey Edited By: Abhishek Pandey Updated: Mon, 22 Apr 2024 08:56 AM (IST)
Hero Image
चौबेपुर में उत्तेजक नारेबाजी को लेकर दो वर्गों में संघर्ष (प्रतिकात्मक फोटो)

संवाद सहयोगी, चौबेपुर। चौबेपुर के रूद्रपुर बैल गांव में शनिवार की रात रैली से लौटे एक वर्ग के युवकों द्वारा उत्तेजक नारेबाजी करने पर संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों से हुए पथराव में 16 लोग घायल हो गए। जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेजा गया है।

डीसीपी पश्चिम ने पड़ताल करते हुए पुलिस बल तैनात किया है। वही दोनों पक्षों की ओर से 31 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गया है। रूद्रपुर बैल गांव में शनिवार को गांव के पुरवा निवासी सचिन कुरील अपने कुछ साथियों के साथ शिवराजपुर में आयोजित एक पार्टी की रैली में गए हुए थे रात में वापस लौटने के दौरान गांव के अशोक दुबे से कहा सुनी हो गई।

अशोक दुबे पक्ष के लोगों का कहना है कि मनीष और उसके साथी वर्ग विशेष के लिए उत्तेजक नारेबाजी कर रहे थे जिसका विरोध करने पर वह अपने मोहल्ले के दो दर्जन लोगों के साथ लठियां लेकर आ गए और पथराव करना शुरू कर दिया। जिसमें अशोक दुबे, राकेश सिंह, प्रकाश नारायण, शिवम दुबे, रौनक, श्यामू सिंह, नीरज सिंह, शिव अवस्थी आदि घायल हो गए।

इधर सचिन कुरील ने पुलिस को बताया कि गांव से निकलने पर अक्सर एक वर्ग के लोग विवाद करते हैं। शनिवार की रात भी ऐसा ही हुआ था जिसकी वह लोग शिकायत करने गांव के लोगों के पास गए थे, जहां दूसरे पक्ष के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। जिसमें मनीष, श्याम बाबू, आकाश, अतुल, विकास, रिषी, आशीष को लाठी डंडों से पीट कर घायल कर दिया गया।

डीसीपी पश्चिम विजय ढुल ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए 31 लोगों को नामजद किया है। गांव में एसीपी कल्यानपुर व बिल्हौंर कैंप कराया गया है। दोनों पक्षों की ओर से 17 लोगों को हिरासत में लेकर पड़ताल कराई जा रही है।

पुलिस के सामने हुआ बवाल, एक सप्ताह से थी तनातनी

रूद्रपुर गांव में पहले भी दो वर्गों में झगड़ा हो चुका है। वर्ष 2022 में झगड़ा होने पर मुकदमा दर्ज हुआ था। गांव में बीते 14 अप्रैल को भी रैली निकालने पर विवाद हुआ था। गांव में एक सप्ताह से दोनों वर्गों में तनातनी चल रही थी। इसके बाद भी बीट इंचार्ज और पुलिस कर्मियों ने कोई भी निरोधात्मक कार्रवाई नहीं की। शनिवार को भी झगड़े की सूचना पर पीआरवी (पब्लिक रिस्पांस व्हेकिल) के सामने बवाल होता रहा। जिसके वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए है। डीसीपी ने कहा कि जांच कराई जा रही है।

ड्रोन कैमरे से कराई गई निगरानी, पहुंचा बुलडोजर

दो वर्गों के बीच संघर्ष की घटना के बाद से गांव में तनाव बना हुआ है। घरों में महिलाएं और बच्चे ही है। पुलिस अधिकारियों ने रविवार की दोपहर भी पुलिस बल के साथ गश्त करते हुए ड्रोन कैमरे से निगरानी कराई। घटना के बाद दोनों पक्षों के आरोपितों पर दबाव के लिए बुलडोजर भी गांव भेजा गया। एसीपी बिल्हौर अजय त्रिवेदी ने बताया कि माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर