Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

फोम फैक्ट्री अग्निकांड के पीड़ितों के मुआवजे की चेक पर सियासत, अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना

फोम फैक्ट्री अग्निकांड के पीड़ितों के मुआवजे की चेक पर सियासत तेज हो गई है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक्स पर चेक वापस लिए जाने पर सवाल उठाए हैं। फैक्ट्री मालिक ने कर्मचारी प्रतिकर आयुक्त के नाम पर चेक दिए थे। वही पीड़ितों को दिए गए चेक श्रम विभाग ने वापस लेकर बुधवार को पीड़ित स्वजनों को सौप दिए।

By Jagran News Edited By: Abhishek Pandey Updated: Thu, 03 Oct 2024 07:40 AM (IST)
Hero Image
फोम फैक्ट्री अग्निकांड के पीड़ितों के मुआवजे की चेक पर सियासत

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। औद्योगिक क्षेत्र रनियां स्थित फोम फैक्ट्री में आग लगने से छह मजदूरों की मौत और मुआवजे के तौर पर उनके आश्रितों को चेक दिए जाने के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया। आक्रोश शांत करने के लिए बिना विचारे आश्रितों को कर्मचारी प्रतिकर आयुक्त के नाम से चेक दिए गए, जिन्हें वापस ले लिया गया।

बुधवार सुबह श्रम विभाग के खाते में रकम आने पर स्वजन को पुनः चेक सौंपे गए। हालांकि इसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर चेक वापस लिए जाने पर सवाल खड़े करके इसे भाजपा सरकार का धोखा करार दे दिया।

15 दिन पूर्व आरपी पाली प्लास्ट प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में आग लगने से छह मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। फैक्ट्री प्रबंधन की तरफ से प्रति मृतक के हिसाब से 12-12 लाख रुपये का चेक दिया गया था।

कर्मचारी प्रतिकर आयुक्त के नाम से था चेक

चेक कर्मचारी प्रतिकर आयुक्त के नाम से था। उसको स्वजन अपना समझ रहे थे और शांतिपूर्वक अंतिम संस्कार हो गया था। उसके बाद श्रम विभाग ने चेक वापस लेकर कहा था कि उनके खाते में रकम आते ही उनको बुलाकर विभाग अपनी तरफ से मुआवजा राशि का चेक देगा।

बुधवार को सहायक श्रमायुक्त रामाशीष ने सभी मृत मजदूरों के स्वजन को चेक सौंप दिया। सहायक श्रमायुक्त राम अशीष ने बताया कि मृतक श्रमिकों के स्वजन को चेक कर्मचारी प्रतिकर आयुक्त के नाम से दिया गया था, जिसे आयुक्त के खाते में जमा कराने के बाद अभिलेखीय औपचारिकता पूर्ण कर ली गई, उसके बाद अब स्वजन को चेक दिए गए हैं।

इस विभागीय गफलत के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करके सवाल खड़ा किया कि जो चेक पीड़ितों को दी गई थी वह वापस ले ली गई। पीड़ितों की इस दुख की घड़ी में भाजपा सरकार ऐसा उनके साथ कर रही है और धोखा दे रही है। इस कृत्य से परिवार में आक्रोश है।

इसे भी पढ़ें: पति ने कुल्हाड़ी से काटकर कर दी पत्नी की हत्या फिर ट्रेन के आगे कूदा, बेटे ने बताई असल सच्चाई

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें