Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कर्मचारी को सुबह सात बजे पेड़ से बांधा, पीटता रहा बिजली विभाग का ठेकेदार; तीन घंटे बाद पहुंची पुलिस

कासगंज में बिजली विभाग के एक ठेकेदार में कर्मचारी को पेड़ से बांधकर पीटा। आरोप है कि कर्मचारी ने तांबे की प्लेट गोदाम से चुराई थी। कर्मचारी को सुबह सात बजे पेड़ से बांधा गया और दस बजे तक वो पेड़ से बंधा रहा। दस बजे पुलिस ने पहुंचकर कर्मचारी को मुक्त कराया। पुलिस दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर थाने ले आई।

By Jagran News Edited By: Aysha Sheikh Updated: Fri, 16 Aug 2024 04:32 PM (IST)
Hero Image
पेड़ से बंधा हुआ कर्मचारी। फोटो - सोशल मीडिया।

जागरण संवाददाता, कासगंज। आवास विकास कालोनी में बिजली विभाग में ठेकेदार ने अपने ही कर्मचारी को चोरी के आरोप में सुबह सात बजे पेड़ से बांधकर पीटा। इसका वीडियाे इंटरनेट मीडिया पर किसी ने प्रसारित कर दिया। जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब तीन घंटे बाद कर्मचारी को मुक्त कराया।

पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ बंधक बनाने और मारपीट करने की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। कर्मचारी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया।

क्या है मामला? 

बाराबंकी के राम स्नेही घाट निवासी हरीश शुक्ला बिजली विभाग में कासगंज में ठेकेदारी करते हैं। इनका आवास विकास में गोदाम और आफिस है। इनके यहां जय प्रकाश निवासी बिटौना थाना कासगंज कर्मचारी है। आरोप है कि गुरुवार शाम को जय प्रकाश गोदाम से तांबे की प्लेट चोरी कर, दूसरे कर्मचारी विनोद की बाइक पर बैठकर उसे ले जा रहा था।

इसकी जानकारी पर हरीश शुक्ला और उनके कर्मचारियों ने उसे रोका तो वह प्लेटों को छोड़कर मौके से भाग गया। हरीश शुक्ला और अन्य कर्मचारियों ने जय प्रकाश की तलाश की लेकिन वो नहीं मिला। शनिवार सुबह कर्मचारी विनोद ने उसे घर से ही पकड़ लिया।

इसके बाद वह उसे सुबह सात बजे मोटरसाइकिल पर बैठाकर आवास विकास कालोनी स्थित गाेदाम पर ले आया और हरीश शुक्ला को सौंप दिया। हरीश शुक्ला ने जय प्रकाश को गोदाम के बाहर पेड़ से रस्सी से बांध दिया। इसके बाद उसकी पीटाई भी की। इससे उसके चोट आई हैं। जय प्रकाश सात बजे से दस बजे तक पेड़ से ही बंधा रहा।

इस दौरान किसी ने पेड़ से बंधे होने का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। इसकी जानकारी पर थाना प्रभारी निरीक्षक सदर कोतवाली लोकेश सिंह भाटी मौके पर पहुंच गए। उन्होनें जय प्रकाश को बंधन मुक्त कराया। पुलिस ने हरीश शुक्ला को हिरासत में ले लिया। जय प्रकाश को भी थाने ले आए। जय प्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने हरीश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

बिजली विभाग के ठेकेदार ने अपने ही कर्मचारी को चाेरी का आरोप लगाते हुए बंधक बना लिया था। उसे पुलिस ने मुक्त करा लिया। कर्मचारी की तहरीर पर बंधक बनाने और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। कर्मचारी के खिलाफ कोर्ई तहरीर नहीं मिली है इसलिए उसे छोड़ दिया गया। - विजय सिंह राना, क्षेत्राधिकारी नगर

तांबे की प्लेट की थीं चोरी

ठेकेदार हरीश शुक्ला का आरोप है कि जय प्रकाश ने तांबे की प्लेट गोदाम से चोरी की थीं। प्रति प्लेट की कीमत आठ हजार रुपये बताई गई। ये प्लेट बिजली सप्लाई में लगी मशीन में लगाने के काम आती हैं। उनका आरोप था कि जय प्रकाश तीन प्लेट चोरी करके ले गया था, इसमें से दो मिल गईं। जबकि जय प्रकाश ने बताया कि वह दो प्लेट ले जा रहा था। दोनों लौटा दीं।

ये भी पढ़ें - 

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर