Move to Jagran APP

कासगंज में बुखार का प्रकोप: डेंगू और टायफाइड के मरीजों की संख्या बढ़ी, पेट दर्द भी बनी समस्या

कासगंज में बुखार का कहर थम नहीं रहा है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में 269 बुखार के मरीज पहुंचे जिनमें से तीन डेंगू और चार टायफाइड के थे। सांस के मरीजों की संख्या भी 200 के पार रही। पिछले दो महीनों से जिले में बुखार का प्रकोप जारी है। वायरल बुखार कम नहीं हुआ है और मलेरिया टायफाइड और डेंगू के मामले भी सामने आ रहे हैं।

By Anupam Chaturvedi Edited By: Aysha Sheikh Updated: Fri, 25 Oct 2024 06:58 PM (IST)
Hero Image
जिला अस्पताल में चिकित्सक कक्ष के बाहर लगी रोगियों की भीड़। जागरण
जागरण संवाददाता, कासगंज। जिले में बुखार का प्रकोप कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में 269 बुखार के मरीज पहुंचे। इसमें से तीन डेंगू और चार टायफाइड के थे। वहीं, सांस के मरीजों की संख्या भी 200 के पार थी। जिले में पिछले दो माह से बुखार का प्रकोप जारी है। वायरल बुखार कम नहीं हुआ।

लोगों को मलेरिया, टायफाइड और डेंगू ने चपेट में लेना शुरू कर दिया। शहर ही नहीं देहात क्षेत्रों के सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की कतार लगी हुई है। यहां वायरल के साथ मलेरिया के मामले भी प्रकाश में आ रहे हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल में ही एक हजार मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें से 269 मरीज बुखार के थे।

इनमें से बच्चों की संख्या 131 रही। तीन डेंगू के मरीज भी मिले। इनमें दो कासगंज के और एक सोरों का है। इन सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा टायफाइड के भी चार मरीज मिले हैं। सांस के 250 मरीज मिले हैं। इसमें 126 मरीज 12 वर्ष से कम उम्र के हैं।

बुखार के अलावा पेट दर्द के मरीजों की संख्या भी अधिक

डायरिया के मरीजों में कुछ गिरावट आई है। यहां कुल 42 मरीजों ने ही उपचार लिया। सरकारी ही नहीं निजी अस्पतालों में भी मरीजों की कतार लगी हुई है। निजी अस्पतालों में बुखार के अलावा पेट दर्द के मरीजों की संख्या भी अधिक आ रही है।

जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक संजीव सक्सेना का कहना है कि मौसम बीमारी का है। इसकी वजह से मरीजों की संख्या की बढ़ी हुई है। परिवार अगर थोड़ा सावधानी बरतें तो इससे बचाव हो सकता है। उन्होंने बताया कि शरीर ढकने वाले कपड़े पहने। घर के आसपास पानी नहीं जमा होने दें। बुखार आए तो चिकित्सक से ही दवा लें।

अस्पतालों में मरीजों की लंबी कतार, दो मिनट में उपचार

फिरोजाबाद: स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस महीने में संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। परंतु इसका असर दिखाई नहीं दे रहा है। वायरल बुखार और डायरिया के मरीज बढ़ रहे हैं। मेडिकल कालेज अस्पताल में मरीजों की सर्वाधिक भीड़ फिजीशियन और त्वचा रोग विभाग की ओपीडी में लग रही है।

शुक्रवार को हर तरफ मरीजों की कतार दिखाई पड़ी। ओपीडी का पर्चा बनवाने से लेकर दवाएं लेने तक मरीज-तीमारदारों को पापड़ बेलने पड़े। दो घंटे लाइन में लगने के बाद डाक्टरों ने दो मिनट में उपचार कर दिया। मौसम में बदलाव के कारण वायरल तेजी से फैल रहा है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।