Move to Jagran APP

Kasganj Accident: गंगा स्नान जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली तालाब में पलटी, अब तक 23 की मौत, 30 लोग घायल

यूपी में एक बड़ा हादसा घटित हो गया। बदायूं हाईवे पर दरियावगंज के पास गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं का ट्रैक्टर सड़क किनारे तालाब में गिर गया। इस हादसे में बच्चों सहित 23 की मौत की पुष्टि पुलिस अधिकारियों ने की है। ट्रैक्टर सवार लोग ट्रॉली के नीचे दब गए थे। दर्दनाक हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Sat, 24 Feb 2024 03:32 PM (IST)
Hero Image
Kasganj Accident: तालाब में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने 23 की मौत हो चुकी है।

जागरण संवाददाता, कासगंज। Kasganj Accident News: मैनपुरी बदायूं हाइवे पर पटियाली क्षेत्र में दरियावगंज के पास गड़ैया की पुलिया पर शनिवार को सुबह श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली सड़क किनारे तालाब मे पलट गई। वीभत्स दुर्घटना में 23 लोगों की मौत हो गई। 30 लोग घायल हुए हैं। सभी श्रद्धालु एटा के जैथरा क्षेत्र के गांव कसा और उसके आसपास के हैं।

गांव के एक बच्चे के मुंडन संस्कार के साथ ही सभी गंगा स्नान को कादरगंज जा रहे थे। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पांच घंटे तक तालाब में जाल आदि डालकर डूबे लोगों की खोज होती रही। जो भी निकलता उसे एंबुलेंस से पहले पटियाली सीएचसी और वहां से जिला अस्पताल भेजा जाता रहा।

मुंडन संस्कार के लिए जा रहे थे ग्रामीण

कसा के वीरपाल के बेटे के मुंडन संस्कार के साथ ही गंगा स्नान के लिए ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठकर सुबह आठ बजे कादरगंज के लिए निकले थे। ट्रॉली में कुल 54 लोग सवार थे। इनमें महिला और बच्चों की संख्या अधिक थी। ज्यादातर कसा गांव के थे और कुछ आसपास के खिरिया, रौरी और बनार गांवों से थे। यह लोग गंगा मैया के जयकारे लगाते हुए करीब तीस किमी सफर तय कर दरिवयावगंज तक सुरक्षित आ गए।

ट्रैक्टर का बिगड़ गया संतुलन

यहां से जैसे ही ट्रैक्टर ट्रॉली मैनपुरी-बदायूं हाइवे पर पहुंची, सुबह 9:45 बजे पटियाली की तरफ करीब दो किमी आगे गड़ैया पुलिया पर उसका संतुलन बिगड़ गया। ट्रैक्टर ट्राली सड़क के बायीं ओर बने तालाब में पलट गई। इस दौरान दर्जनभर लोग तो तालाब के किनारे ट्रॉली से उछटकर गिर गए, मगर ट्रॉली तालाब में उलटी हो जाने पर ज्यादातर उसमें दब गए।

चीखपुकार सुनकर जुटे राहगीर

चीखपुकार सुनकर पहले वहां राहगीर इकट्ठे हुए और फिर ग्रामीणों की भीड़ जुटी। करीब आधा घंटा बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकार फोर्स के साथ पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर दिया गया। जेसबी से ट्राली को सीधा किया गया। तालाब में जाल आदि डालने के साथ ही पुलिस, पीएसी और प्राइवेट गोताखोर तालाब में छोड़े गए। आसपास के ग्रामीण भी राहत कार्य में जुटे। चीखपुकार और हाहाकार बीच डूबे लोगों को निकाल-निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से पहले सीएचसी पटियाली भेजा गया।

ये भी पढ़ेंः Agra News: घरों के बाहर जलाईं कारों के पीड़ितों से मिले योगी सरकार के मंत्री; लोग बोले- बड़ी साजिश की आशंका, जुबैर से हो पूछताछ

एंबुलेंस से भेजा अस्पताल

वहां मृतकों को अलग किया गया और घायलों को प्राथमिक उपचार देकर एंबुलेंसों से जिला अस्पताल भेजा गया। यह सिलसिला दोपहर बाद तक लगातार चलता रहा। इस दौरान कुछ गंभीर घायलों को पटियाली सीएचसी से सीधे अलीगढ़ भी रेफर किया गया। 23 शव यहां पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच चुके थे। इनमें 13 महिलाओं, आठ बच्चों और एक पुरुष का शव शामिल था।

अलीगढ़ में रेफर किया

अलीगढ़ रेफर किए गए घायलों में से भी दो बच्चों की मृत्यु होने की जानकारी मिली है। इस तरह घटना में मृतकों की संख्या 23 पहुंच गई है। इनमें 13 महिलाएं, 9 बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं। तीस लोग घायल हैं। इनमें से आठ का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। दस अलीगढ़ रेफर कर दिए गए हैं। दर्जनभर ट्राली पलटते समय उसमें से तालाब किनारे उछट गए थे, उनकी हालत ठीक है।

घटना बहुत ही दुखद है। 23 लोगों की मृत्यु हुई है। इनमें एक पुरुष है, शेष महिलाएं और बच्चे हैं। पुलिस-प्रशासन के साथ ही आसपस के ग्रामीणों ने राहत कार्य में भरपूर सहयोग किया है। घायलों के बचाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। - अपर्णा रजत कौशिक, एसपी

सीएम योगी ने की घाेषणा

मृतक संख्या 23 हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के स्वजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये आर्थिक मदद की घोषणा की है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें