Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Kasganj News: चक्रवात से मकानों की दीवार गिरीं, टीन शेड उड़ी-कई पेड़ उखड़े; 12 से अधिक घायल

कासगंज के मिर्जापुर नगरिया गांव में अचानक आए चक्रवात ने तबाही मचा दी। तेज हवाओं ने चार मकानों की दीवार ढहा दी कई छप्पर और टीन शेड उड़ा दिए और 12 से अधिक लोग घायल हो गए। तीन लोगों की हालत गंभीर है। घटना के बाद पुलिस और भाकियू स्वराज के कार्यकर्ताओं ने घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Wed, 18 Sep 2024 06:04 PM (IST)
Hero Image
गांव मनिकापुर में गिरी मकान दीवार और गांव मिर्जापुर नगरिया में एक साथ टूटकर गिर कई पेड़। जागरण

संवाद सूत्र, कासगंज। कस्बे के गांव मिर्जापुर नगरिया में दोपहर डेढ़ बजे पांच मिनट के आए चक्रवात ने पूरा गांव तबाह कर दिया। तेज हवा के कारण चार मकानों की दीवार ढह गई। कई छप्पर और टीन शेड और पेड़ उड़ गए। इस दौरान 12 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर है। नगरिया में शुगर मिल की दीवार गिरी।

चक्रवात से आई तबाही

मौसम विभाग ने दो दिन भारी वर्षा की चेतावनी दी थी। बुधवार को दूसरा दिन था। जिले में सुबह से ही वर्षा शुरू हो गई थी। कभी रिमझिम तो कभी तेज वर्षा लगातार हो रही थी। 

दोपहर डेढ़ बजे सोरों से बरेली की तरफ करीब छह किलोमीटर दूर हाईवे पर ही नगरिया गांव पड़ता है। यहां वर्षा के साथ अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ ही देर में हवाएं चक्रवात में तब्दील हो गईं। इसके बाद यहां का मंजर तबाही का था। 

बरेली हाईवे पर पेड़ उखड़कर गिरने लगे। नगरिया में शुगर मिल की दीवार गिर गई। रोड किनारे लगे पेड़ उखड़ कर सड़क पर गिर गए। इससे रोड जाम हो गए। सबसे बुरी स्थित गांव मिर्जापुर नगरिया में रही। यहां चक्रवात से चार मकानों की छत ढह गई। 

इसके साथ ही छप्पर और टीन शेड उखड़ गए। पेड़ तो ऐसे गिर रहे थे मानों कोई जानबूझ कर इन्हें उखाड़ रहा हो। पांच मिनट के चक्रवात ने गांव को तहस नहस कर दिया। 

गिरी दीवारों में दबकर मौसम पुत्री विजेंद्र, मीरा पुत्री रन सिंह, रूपकिशोर पुत्र भीकम सिंह, वीरपाल पुत्र सरदार सिंह, शिवानी पुत्री लालता प्रसाद, ओमवीर पुत्र हाकिम सिंह, दिलीप पुत्र रन सिंह, कृष्णा पुत्र जोगेश, प्रेमपाल पुत्र रामसहाय समेत 12 से अधिक लोग घायल हो गए। 

हादसे की जानकारी ग्रामीणों ने भारतीय किसान यूनियन स्वराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पांडेय को दी। उन्होंने घटना की जानकारी जिला प्रशासन को दी और स्वयं भी पदाधिकारियों के साथ मदद को गांव पहुंच गए।

पुलिस ने भाकियू स्वराज के कार्यकर्ताओं की मदद से घायलों को सोरों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए। मीरा, मौसम और वीरपाल के चोट अधिक होने के कारण इनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

वहीं, मनिकापुर में तेज हवा से राजू के मकान की दीवार ढह गई। इससे वहां बंधी भैंस घायल हो गई। पास ही कमरे में राजू और उनका परिवार बैठा था।

सोरों-बरेली मार्ग पर लगा जाम

चक्रवात से सोरों-बरेली मार्ग पर कई पेड़ उखड़ कर गिर गए। इससे सड़क मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लगने लगीं। जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। 

उन्होंने लोगों और क्रेन की मदद से पेड़ों को हटाना शुरू कर दिया। शाम चार बजे मार्ग को खोला जा सका। इसके बाद ही वहां आवागमन शुरू हुआ। इसके अलावा जहां चक्रवात आया था वहां पर भी गांव में पेड़ों के उखड़कर मार्ग पर गिर गए।