Move to Jagran APP

फेरों से पहले दुल्हन की मार्कशीट देखकर भड़क गया दूल्हा, बोला- नहीं करूंगा शादी, ये तो…

कौशांबी में एक विवाह समारोह में विवाद हो गया। पुलिस ने आधार कार्ड देखकर कोई कार्रवाई नहीं की लेकिन बाद में दुल्हन की मार्कशीट देखने पर दूल्हा भड़क गया। दूल्हे ने शादी करने से इनकार कर दिया और बरात बिना दुल्हन लौट गई। बताया गया कि यह शादी एक बिचौलिए ने 80 हजार रुपये में तय की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By Jagran NewsEdited By: Shivam Yadav Updated: Wed, 09 Oct 2024 01:30 AM (IST)
Hero Image
घंटों चली पंचायत के बाद बात नहीं बनी तो बरात बिना दुल्हन लौट गई।

जागरण संवाददाता, कौशांबी। पश्चिमशरीरा क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की रात वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान नाबालिग दुल्हन देख दूल्हा भड़क गया। इसके बाद कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। 

घंटों चली पंचायत के बाद बरात बैरंग लौट गई। सूचना पाकर अषाढ़ा चौकी पुलिस भी पहुंची थी। आरोप है कि पुलिस ने किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि यह शादी एक बिचौलिया ने तय कराई थी।

यह है पूरा मामला

पश्चिमशरीरा क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की रात हरियाणा के पानीपत से बरात आई थी। हालांकि बरात में गिने चुके लोग ही रहे। घराती बरातियों का स्वागत करने में जुटे रहे। द्वार पूजा की तैयारी की जा रही थी। तभी किसी ने पुलिस को खबर कर दी कि नाबालिग लड़की का विवाह कराया जा रहा है। 

मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की का आधार कार्ड देखा तो उसके मुताबिक, वह बालिग थी। ऐसे में पुलिस ने अन्य अभिलेख देखना ठीक नहीं समझा और बैरंग लौट गई। 

इधर, कुछ संभ्रांत लोगों के पहुंचने पर लड़की की मार्कशीट देखी गई, जिसमें उम्र काफी कम थी। इसे लेकर दूल्हा भड़क गया। उसने बताया कि लड़की की बड़ी बहन को दिखाया गया था। अब छोटी से शादी की जा रही है। दूल्हे ने शादी करने से इनकार कर दिया। घंटों चली पंचायत के बाद बात नहीं बनी तो बरात बिना दुल्हन लौट गई। 

दूल्हे का कहना था कि शादी सरायअकिल क्षेत्र के किनार गांव निवासी एक बिचौलिया ने 80 हजार रुपये में तय कराई थी। 

मामले में सीओ कौशांबी अभिषेक सिंह का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में नहीं है। पुलिस मौके पर जाने के बाद क्यों बैरंग लौटी? इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: सरकारी पैसों के लिए भाई-बहन ने की शादी? सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की सच्चाई

यह भी पढ़ें: सीसीटीवी कैमरा बंद कर पति ने कर दी पत्नी की हत्या, बेटा बोला- मम्मी फोन पर बात करती थी तो पापा गुस्साते थे

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें