Move to Jagran APP

UP News: पुलिस मुठभेड़ में दुष्कर्म पीड़िता का एक और हत्यारोपित गिरफ्तार, दोनों पैर में लगी गोलियां

महेवाघाट क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़िता पर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतारने वाले एक और आरोपित को पुलिस ने महेवा कछार से मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आरोपित के दोनों पैर में एक-एक गोली लगी है। आरोपित के पास से तमंचा व कारतूस बरामद किया गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार अभियुक्त पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

By Vikas MalviyaEdited By: Abhishek PandeyUpdated: Sun, 26 Nov 2023 10:31 AM (IST)
Hero Image
पुलिस मुठभेड़ में दुष्कर्म पीड़िता का एक और हत्यारोपित गिरफ्तार, दोनों पैर में लगी गोलियां
जागरण संवाददाता, कौशांबी। महेवाघाट क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़िता पर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतारने वाले एक और आरोपित को पुलिस ने महेवा कछार से मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आरोपित के दोनों पैर में एक-एक गोली लगी है। आरोपित के पास से तमंचा व कारतूस बरामद किया गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार अभियुक्त पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

क्षेत्र की एक युवती को शादी का झांसा देकर गांव के ही पवन निषाद ने साल भर पहले दुष्कर्म किया था। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेजवाया। शारदीय नवरात्र के कुछ दिन पहले जमानत पर रिहा होकर आए आरोपित पवन व उसके परिवार के लोग पीड़िता पर सुलह का दबाव बनाने के लिए रोज धमकाते रहे। इस मामले की शिकायत पीड़िता ने कई बार महेवाघाट पुलिस से की, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।

20 नवंबर को भी विपक्षी व उसके परिवार के लोगों ने गाली-गलौज की। इस पर पीड़िता अपनी भाभी के साथ पुलिस से शिकायत करने गई। शाम को वापस लौटते समय वह जैसे ही विपक्षी के घर के समीप पहुंची और गाली देता देखा तो वीडियो बनाने लगी। इस पर विपक्षियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर पीड़िता को मार डाला। मामले में पुलिस ने पवन समेत अशोक, प्रभू व लोकचंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया।

22 नवंबर को सहयोगी को किया था गिरफ्तार

फरार अभियुक्तों की तलाश में पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। 22 नवंबर को पुलिस ने क्षेत्र के ही रामनगर के कछार से अशोक व उसके सहयोगी गुलाब को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। अशोक के पैर में तीन गोलियां लगीं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि शनिवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे मुखबिर की सूचना पर महेवा कछार में 25 हजार के इनामिया आरोपित पवन को घेरा गया। इस पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। दो गोलियां पवन के पैर में लगी। उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी का कहना है कि शेष दो आरोपितों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: अरबों रुपये की शत्रु संपत्तियों की होगी ई-नीलामी, 1947 से वसूला जाएगा किराया; सर्वे शुरू

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।