Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'मुझे गिरफ्तार कर लो, मैंने अपनी चाची की गर्दन काट दी है', हत्या करने के बाद गड़ासा लेकर थाने पहुंचा भतीजा

कौशांबी के चरवा क्षेत्र के समसपुर गांव से दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। गांव के एक युवक ने अपने काम से आकर गड़ासा लेकर अपनी चाची का इंतजार करने लगा। चाची के आने के बाद भतीजे ने उसकी गर्दन पर तीन बार वार कर मौत के घाट उतार दिया। युवक की हैवानियत देख गांव वाले सन्न रह गए।

By Jagran News Edited By: Riya Pandey Updated: Sun, 14 Jul 2024 09:01 PM (IST)
Hero Image
संगीता की हत्या के बाद रोते बिलखते परिजन

संवाद सूत्र, चायल। चरवा क्षेत्र के समसपुर गांव में चाची की हत्या के बाद गड़ासा लेकर भतीजा थाने पहुंच गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की वजह पारिवारिक विवाद माना जा रहा है। हालांकि, कानूनी कार्रवाई में व्यस्त पुलिस ने अब तक आरोपित से पूछताछ शुरू नहीं की है।

हत्यारे ने घर आकर चाची के बारे बच्चों से पूछा

समसपुर निवासी कृष्ण कुमार घरों में पेंटिंग का काम करते हैं। रविवार को वह क्षेत्र में ही कहीं पेंटिंग करने गए थे। शाम के समय घर पर दो बच्चे मौजूद थे। जबकि 32 वर्षीय पत्नी संगीता बकरी चराने के लिए गई थी।

ग्रामीणों का कहना था कि करीब साढ़े पांच बजे कृष्ण कुमार का भतीजा मनफूल गौतम उसके घर पहुंचा और चाची संगीता के बारे मे बच्चों से पूछने लगा।

घर के बाहर गड़ासा लेकर करने लगा इंतजार

उन्होंने बताया कि मां बकरी चराने गई है। इसके बाद मनफूल अपने घर के बाहर गड़ासा लेकर बैठ गया। चाची संगीता जैसे ही घर के दरवाजे पर पहुंची थी, तभी मनफूल सामने आया और गड़ासे से गर्दन पर तीन वार किए। इससे संगीता की मौके पर तड़प कर मौत हो गई। युवक की हैवानियत देख ग्रामीण सन्न रह गए। इसके बाद युवक गड़ासा लेकर सीधे थाने पहुंच गया और हत्या का अपराध स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया

पुलिस ने गड़ासा को कब्जे में लेकर आरोपित को हिरासत में लिया और मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। जानकारी होने पर पति भी घर पहुंचा। हत्या युवक ने क्यों की, अभी फिलहाल यह पता नहीं चल सका है।

मृतका के मायके के युवक से बहन का हो गया प्रेम प्रपंच

वहीं गांव में इस बात की चर्चा रही, कि मृत संगीता के मायके का रहने वाला एक युवक अक्सर उसके घर आता-जाता था। मनफूल की बहन से उसका प्रेम प्रपंच हो गया। पहले तो परिवार के लोगों ने विरोध किया, बाद में रिश्ता तय कर दिया गया। 18 जुलाई को शादी होने वाली है। शायद इसे लेकर ही कोई पारिवारिक विवाद हुआ हो और घटना को आरोपित ने अंजाम दिया।

पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, आरोपित युवक पुलिस हिरासत में है। अभी उससे पूछताछ नहीं की गई है। फिलहाल घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम कानूनी औपचारिकता पूरी कर रही है। युवक से पूछताछ के बाद ही हत्या का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

यह भी पढ़ें- Maharajganj Double Murder: पत्नी और 8 साल के बेटे को कुल्हाड़ी से काटा, खून से लथपथ मिले शव; हत्यारे की तलाश में पुलिस