Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कुशीनगर में जाली नोट गिरोह के सदस्य का एनकाउंटर, अब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष को नोटिस भेजने की तैयारी!

कुशीनगर में जाली नोट गिरोह के एक और सदस्य मुस्तकीम को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। उसके पास से 30 हजार भारतीय जाली मुद्रा अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुए हैं। अब तक गिरफ्तार तस्करों की संख्या 11 हो गई है। पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को भी नोटिस भेजने की बात कही है।

By Jagran News Edited By: Aysha Sheikh Updated: Wed, 25 Sep 2024 09:58 PM (IST)
Hero Image
मुठभेड़ में पकड़े गए गो-तस्कर के बारे में जानकारी देते एसपी संतोष कुमार मिश्रा दाएं से दूसरे। जागरण

जागरण संवाददाता, कुशीनगर। साढ़े पांच लाख से अधिक जाली नोट व अवैध असलहों की बरामदगी मामले में वांछित एक और तस्कर मुस्तकीम को पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार तड़के सेवरही के बिनटोलिया के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 30 हजार भारतीय जाली मुद्रा (पांच सौ व दो सौ के), अवैध असलहा व कारतूस बरामद हुए हैं। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

अब गिरफ्तार तस्करों की संख्या 11 हो गई है। एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि बीते शनिवार की रात जाली भारतीय व नेपाली नोट, अवैध असलहों व सुतली बम के साथ 10 तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें शामिल फरार चल रहे दूसरे तस्करों की तलाश में अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।

तड़के चार बजे पुलिस की संयुक्त टीम सेवरही क्षेत्र में गुजर रही थी, इस बीच संदिग्ध हाल में दिखे बाइक सवार अधेड़ को रोकने का प्रयास किया गया तो वह बाइक से उतर कर टीम पर फायरिंग करते हुए तेजी से भागा। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली, जिससे वह गिर पड़ा। मुस्तकीम गो-तस्करी में भी लिप्त है। उसके विरुद्ध अलग-अलग थानों में आठ मुकदमे पंजीकृत हैं।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष को नोटिस भेजेगी पुलिस

जाली नोट व असलहा के साथ सपा के दो पदाधिकारियों समेत 11 लोगों की गिरफ्तारी के मामले में अब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू पर पुलिस ने कार्रवाई की बात कही है। जाली नोटों की बरामदगी मामले में पकड़े गए तस्करों में औरंगजेब के साथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष की फोटो और कार्रवाई के बाद इंटरनेट मीडिया पर की गई उनकी टिप्पणी का संज्ञान पुलिस ने लिया।

एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि अजय कुमार द्वारा इंटरनेट मीडिया पर यह टिप्पणी करना कि पुलिस गुड वर्क के नाम पर फर्जी मुठभेड़ और पर्दाफाश कर निर्दोष लोगों को फंसा रही है, संदेह खड़ा करता है। उनको नोटिस भेज बयान दर्ज किया जाएगा, आवश्यकतानुसार पूछताछ भी की जाएगी। इस मुद्दे पर अजय कुमार लल्लू ने ने कुछ भी कहने से मना किया है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें