Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Kushinagar Accident: एक ही बाइक पर सवार होकर बाजार गए थे तीन दोस्त, लौटते समय ट्रक की टक्कर से हो गई तीनों की मौत

दुर्घटना कुशीनगर जिले के कप्तानगंज-नौरंगिया मार्ग पर खानू छपरा के पास हुई। तीन दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर बाजार गए थे। वापस लौटते समय ट्रक ने बाइक में ठोकर मार दी। जिससे दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आनन - फानन आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस को दी। घायल एक युवक को लेकर अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी भी मौत हो गई।

By Jagran NewsEdited By: Pragati ChandUpdated: Sun, 19 Nov 2023 03:26 PM (IST)
Hero Image
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, कुशीनगर। कप्तानगंज-नौरंगिया मार्ग पर खानू छपरा के समीप ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के चखनी भूमिहारी पट्टी के अर्जुन चौधरी के घर छठ पर्व का आयोजन है। इसमें शामिल होने उनके दामाद महराजगंज के सौराजी के अनिरुद्ध और खादर पिपरा के रिश्तेदार नेहरू आए हुए थे।

ऐसे हुआ हादसा

अर्जुन का पुत्र प्रिंस, अनिरुद्ध व नेहरू एक ही बाइक से पकड़ियार बाजार गए थे। शाम को तीनों वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान खानू छपरा के समीप पीछे से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। अनिरुद्ध व नेहरू की मौके पर ही मौत हो गई। प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था। ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

कुशीनगर में नकली गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन पकड़े गए

रामकोला के एक बंद स्कूल में नकली गुटखा बनाने की फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। शनिवार रात लगभग नौ बजे की गई छापेमारी में इस कार्य में लिप्त तीन लोग भी पकड़े गए हैं। मौके से संबंधित मशीन के अलावा तैयार गुटखा व बड़ी मात्रा में रैपर मिले हैं। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। रामकोला पुलिस को सूचना मिली कि चंदरपुर के टोला लक्षिया में बंद स्कूल में नकली गुटखा तैयार कर बिक्री की जा रही है। पुलिस ने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।

एसडीएम कप्तानगंज व्यास नारायण उमराव के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक रामकोला राजू सिंह ने टीम के साथ छापेमारी की तो मौके से दो बोरे में तैयार गुटखा तथा बड़ी संख्या में खाली रैपर मिले। कमरे में गुटखा बनाने की दो मशीनें भी मिलीं। टीम ने भाग रहे तीन लोगों को दौड़ाकर दबोच लिया।

पूछताछ में उन्होंने बताया कि स्कूल गांव के ही भानु प्रताप कुशवाहा का है। करीब पांच वर्ष पूर्व यहां प्ले स्कूल चलता था। इसके बंद होने के कुछ समय बाद से ही स्कूल संचालक ने नकली गुटखा बनाने का कार्य शुरू किया। गांव के लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि जांच चल रही है। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।