Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पसगवां, मोहम्मदी, रमियाबेहड़ में निर्विरोध निर्वाचन, नौ ब्लाकों में मतदान आज

ब्लाक प्रमुख चुनाव में शुक्रवार को राजनीति के अलग-अलग रंग देखने को मिले।

By JagranEdited By: Updated: Fri, 09 Jul 2021 10:39 PM (IST)
Hero Image
पसगवां, मोहम्मदी, रमियाबेहड़ में निर्विरोध निर्वाचन, नौ ब्लाकों में मतदान आज

लखीमपुर: ब्लाक प्रमुख चुनाव में शुक्रवार को राजनीति के अलग-अलग रंग देखने को मिले। पसगवां, मोहम्मदी और रमियाबेहड़ ब्लाक में एकल पर्चा होने के कारण तीन और प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए। मोहम्मदी में बड़ा घटनाक्रम हुआ है। यहां भाजपा प्रत्याशी ने पार्टी से बागी हुए प्रत्याशी के समर्थन में अपना पर्चा वापस ले लिया। अब शनिवार को जिले के नौ ब्लाकों पर नए प्रमुख के लिए मतदान कराया जाएगा। इन ब्लाकों में सबसे ज्यादा लखीमपुर, नकहा और पलिया ब्लाक के मतदान पर लोगों की नजर है। नकहा में जहां भाजपा ने पवन गुप्ता को प्रत्याशी घोषित किया है, वहीं भाजपा से जुड़े बताए जा रहे प्रत्याशी भानुप्रताप अभी मैदान में डटे हुए हैं। इन दोनों के बीच रोचक मुकाबला बताया जा रहा है। लखीमपुर में भाजपा प्रत्याशी दिव्या सिंह के सामने पार्टी के ही बागी आशुतोष वर्मा चुनाव लड़ रहे हैं। यहां पति आशुतोष के समर्थन में पूर्व प्रमुख रूबी वर्मा ने पर्चा वापस ले लिया है। सभी प्रत्याशी हर हाल में चुनाव जीतने के लिए जोर लगा रहे हैं।

जंगबहादुरगंज: पसगवां में हुए दो नामांकन के बाद एक प्रत्याशी उर्मिला कटियार ने नामांकन वापस ले लिया। जिसके बाद भाजपा प्रत्याशी शिखा सिंह का एकल नामांकन होने से वह निर्विरोध निर्वाचित हो गईं।

नकहा: प्रमुख पद के चुनाव से दो प्रत्याशियों संजय गुप्ता व सुमन शुक्ला ने अपना पर्चा वापस ले लिया है। अब भाजपा प्रत्याशी पवन गुप्ता अ बागी भानु प्रताप के बीच मुकाबला होगा।

पलियाकलां: ब्लाक प्रमुख चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता उत्साहित हैं। गुरुवार को नामांकन के दौरान जिस तरह सपा प्रत्याशी नामांकन नहीं करा पाया और कांग्रेस ने तमाम विरोध के बाद भी नामांकन करा लिया, उससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नई जान आ गई है। पार्टी कार्यकर्ता दुगने उत्साह से ब्लाक प्रमुख चुनाव को लेकर जुट गए हैं। नेतृत्व कर रहे सैफ अली नकवी भी कार्यकर्ताओं के साथ जोशों-खरोश से लगे हुए हैं। दूसरी तरफ भाजपा पूरी तरह आश्वस्त है कि जीत उसी की होगी। भाजपा चाह रही थी कि प्रमुख का चुनाव निर्विरोध हो जाए। इसी वजह से ही सपा प्रत्याशी का नामांकन नहीं होने दिया गया था। कांग्रेस प्रत्याशी को खींचकर ले जाने का मकसद भी यही था, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन होने से भाजपा की रणनीति सफल नही हो पाई। कांग्रेस नेता सैफ का कहना है कि हम अपना काम कर रहे हैं और निष्पक्ष तरीके से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने कांग्रेस प्रत्याशी के प्रस्तावक से अभिलेख छीने थे और अनुमोदक को उठाकर ले गए थे। उनके खिलाफ तहरीर दे दी गई है।

मोहम्मदी: शुक्रवार को एक घटनाक्रम के तहत भाजपा प्रत्याशी व निवर्तमान ब्लाक प्रमुख आशीष रस्तोगी ने अपना पर्चा वापस ले लिया। जिसके बाद भाजपा के बागी महेंद्र वाजपेयी को निर्विरोध ब्लाक प्रमुख चुन लिया गया है। मोहम्मदी ब्लाक प्रमुख चुनाव में भाजपा से घोषित प्रत्याशी आशीष रस्तोगी द्वारा एकाएक अपना पर्चा वापस लेने से भाजपा से बागी हुए महेंद्र वाजपेयी का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। इस तरह ब्लाक प्रमुख की कुर्सी एक बार फिर वाजपेयी परिवार में पहुंच गई है। महेंद्र वाजपेयी के पिता भगवानदास वाजपेयी कई बार प्रमुख रह चुके हैं। इसके अलावा महेंद्र वाजपेयी के चचेरे भाई जयकरन वाजपेयी भी एक बार ब्लाक प्रमुख रहे। प्रदेश में शायद पहला मामला ऐसा होगा, जहां भाजपा के घोषित प्रत्याशी ने अपना पर्चा वापस ले लिया है।

ढखेरवा: क्षेत्र पंचायत रमियाबेहड़ से भाजपा प्रत्याशी कल्पना वर्मा पत्नी स्वर्गीय अजय प्रकाश वर्मा शुक्रवार को ब्लाक प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचित हो गईं। रमियाबेहड़ में प्रमुख पद के लिए गुरुवार को कल्पना वर्मा और निर्दलीय उम्मीदवार अरुणा मनार ने अपना नामांकन दाखिल किया था, लेकिन शुक्रवार को अरुणा मनार ने अपना नामांकन वापस ले लिया। जिससे भाजपा प्रत्याशी कल्पना वर्मा को निर्विरोध घोषित किया गया।

बांकेगंज: प्रमुख के चुनाव में भाजपा ने अपना प्रत्याशी कुसमा देवी को घोषित कर दिया है। तमाम मान मनौवल के बाद मधु संख्वार ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। दूसरी तरफ सपा ने अनुराधा देवी को व तीसरी प्रत्याशी राधा देवी सहित तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान रह गए हैं। कुसमा देवी पूर्व में ब्लाक प्रमुख पद पर रह चुकी है। पूर्व ब्लाक प्रमुख ने आज ही भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।

बेहजम: ब्लॉक प्रमुख चुनाव में सपा और भाजपा आमने-सामने ताल ठोक रही है। सपा प्रत्याशी बीना राज पूर्व में भी ब्लाक प्रमुख रह चुकी हैं, जिन्होंने चुनावी दंगल में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। उधर सत्ता पक्ष की प्रत्याशी रामदेवी ने भी चुनाव के लिए कमर कस ली है। रामदेवी सत्ता पक्ष की उम्मीदवार हैं, वहीं विपक्षी उम्मीदवार सपा समर्थित बीना राज भी किसी भी तरह से अपने को कमजोर साबित नहीं कर रही हैं।

निघासन: ब्लाक प्रमुख पद के लिए तीन दावेदारों ने अपना नामंकन कराया था। जिसमें भाजपा से घोषित उम्मीदवार सुनीता वर्मा, सपा समर्थित हरप्रीत कौर तथा निर्दलीय से ऊषा वर्मा मैदान में थीं, लेकिन शुक्रवार को ऊषा वर्मा ने अपना नाम वापस ले लिया। जिससे अब दो उम्मीदवार ही मैदान में रह गए हैं। भाजपा प्रत्याशी सुनीता वर्मा पर पार्टी ने अपना भरोसा जता दावेदार बनाकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। हरप्रीत कौर को सपा ने अपना समर्थन देकर सीधी टक्कर दी। दोनों उम्मीदवारो ने अपने-अपने समर्थकों के साथ जीत के लिए कड़ी मेहनत करनी शुरू कर दी है।

धौरहरा : शुक्रवार को निवर्तमान ब्लाक प्रमुख पूनम ने अपना नामांकन वापस कर लिया। इससे पहले जांच में सभी नामांकन वैध पाए गए थे। अब पूर्व प्रमुख इंद्रेश कुमार चौधरी और भाजपा की ओर से ²गपाल मौर्य मैदान में हैं। पूर्व मंत्री यशपाल चौधरी के भतीजे इंद्रेश को समाजवादी पार्टी ने समर्थन दिया है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर