Move to Jagran APP

UP Weather : यूपी के इस जिले में सर्दी और कोहरे की दस्तक, जरा संभलकर चलाएं वाहन

वहीं कुछ दिनों बाद नवंबर में चीनी मिलों व क्रेशरों में पेराई सत्र प्रारंंभ होने पर किसानों द्वारा गन्ना सप्लाई करने के लिए ट्रैक्टर ट्राली का इस्तेमाल किया जाएगा जिसमें सुरक्षा के लिहाज से कई कमियां रहती हैं। इस कारण गन्ना भरे वाहन भी कई बार बड़े सड़क हादसों का सबब बन जाते हैं। साल 2023 में कई लोगों की सड़क हादसों में जान गई थी।

By Dharmesh Kumar Shukla Edited By: Mohammed Ammar Updated: Mon, 28 Oct 2024 10:31 PM (IST)
Hero Image
2024 में नौ महीने के दौारान हुए 542 सड़क हादसों में 274 लोगों की जान जा चुकी है।
संवादसूत्र, लखीमपुर। जिले में सुबह-शाम सदी व कोहरे ने दस्तक दे दी है, जिससे अब लाेगों को बहुत संभलकर वाहन चलाना होगा। क्योंकि जिले भर में प्रतिदिन सड़क हादसों में औसतन एक-दो लोगों की जान जा रही है, वहीं घायलों की संख्या कहीं अधिक रहती है। इस वर्ष 2024 में नौ महीने के दौारान हुए 542 सड़क हादसों में 274 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 309 लोग घायल हुए हैं। कड़ाके की सर्दी के दौरान जिले में घना कोहरा गिरता है, जिससे दिन और रात में सड़क हादसों के मामले बढ़ जाते हैं।

गन्ने से भरी ट्रालियां से होते हैं हादसे

वहीं कुछ दिनों बाद नवंबर में चीनी मिलों व क्रेशरों में पेराई सत्र प्रारंंभ होने पर किसानों द्वारा गन्ना सप्लाई करने के लिए ट्रैक्टर ट्राली का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें सुरक्षा के लिहाज से कई कमियां रहती हैं। इस कारण गन्ना भरे वाहन भी कई बार बड़े सड़क हादसों का सबब बन जाते हैं। वहीं शराब के नशे में गाड़ी चलाने वाले चालक भी लोगों की जिंदगी के लिए बड़ा खतरा बन जाते हैं, जिसमें जान-माल का नुकसान हाेता है।

हालांकि यातायात और परिवहन विभाग द्वारा प्रति वर्ष सड़क हादसों में कमी लाने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं, फिर भी हादसों में कोई उल्लेखनीय कमी नहीं आ रही है। सड़क हादसों के लिए वाहन चालकों को ही प्रथम दृष्टया जिम्मेदार माना जाता है, क्योंकि वाहन चलाने के दौरान यातायात नियमों का पालन न करने से सड़क हादसे होते हैं। लोगों को पुन: यातायात नियमों का पालन करने के लिए यातायात व परिवहन विभाग द्वारा आगामी एक नवंबर 2024 से जिले भर में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

साल 2023 में 455 लोगों की हुई थी मौत

लिहाजा वाहन चालकों को अपनी जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है। बताते चलें कि पिछले वर्ष 2023 में जिले भर में कुल 783 सड़क हादसों में 455 लोगों की जान गई थी और 458 लोग घायल हुए थे।

वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। आगामी एक नवंबर से यातायात माह के दौरान जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियामों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही गन्ना ढोने वाले वाहनों ट्रैक्टर-ट्राली औैर डनलप में रेडियम पट्टी लगाई जाएगी और एक ट्रैक्टर में दो ट्राली जोड़कर चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

राकेश कुमार यादव, यातायात निरीक्षक

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।