Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Politics: संजय सिंह को जमानत मिलने पर कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी, अब फिर से शुरू होगा आंदोलन

UP Politics आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को जमानत मिलने पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई है। आप के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं। केंद्र सरकार आप की लोकप्रियता से डरी हुई है और इसी कारण साजिशन आप नेताओं को जेल भेजा जा रहा है।

By Jagran News Edited By: Swati Singh Updated: Tue, 02 Apr 2024 08:32 PM (IST)
Hero Image
संजय सिंह को जमानत मिलने पर कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को जमानत मिलने पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई है। बीते चार अक्टूबर से जेल में बंद संजय सिंह के बाहर आने से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा।

अब उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए का प्रचार भी तेज किया जाएगा। आप यूपी में लोकसभा चुनाव नहीं लड़ रही है बल्कि वह गठबंधन में शामिल कांग्रेस व सपा का प्रचार करेगी।

सत्य पराजित नहीं हो सकता

आप के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं। केंद्र सरकार आप की लोकप्रियता से डरी हुई है और इसी कारण साजिशन आप नेताओं को जेल भेजा जा रहा है। अब यूपी प्रभारी को जमानत मिलने से कार्यकर्ताओं में जोश है। जल्द उनके दिशा-निर्देश पर प्रचार की रूपरेखा तय की जाएगी।

संजय सिंह शेर है, शेर आ रहा है..

महंगाई, बेरोजगारी व किसानों की आय दोगुनी किए जाने जैसे मुद्दों को लेकर पार्टी के ठप हुए आंदोलन को फिर से शुरू किया जा सकता है। उधर पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह, महामंत्री दिनेश सिंह पटेल सहित कई पदाधिकारियों ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर पोस्ट किया कि संजय सिंह शेर है, शेर आ रहा है..।

संजय सिंह से कुछ भी नहीं हुआ बरामद

मंगलवार को संजय सिंह की जमानत अर्जी और गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली दोनों अर्जियां न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, दीपांकर दत्ता और पीबी वराले की पीठ के सामने सुनवाई पर लगीं थीं। संजय सिंह के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने जमानत की मांग करते हुए कहा कि उनके पास से कुछ भी बरामद नहीं हुआ है। उनके भागने की आशंका नहीं है। कोर्ट मामले में दखल दे और जमानत दे दे। सिंघवी की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने ईडी की ओर से पेश एडीशनल सालिसिटर जनरल (एएसजी) एसवी राजू से कहा कि संजय सिंह छह महीने से जेल में है। उससे कोई बरामदगी नहीं हुई है।