Move to Jagran APP

कम Fuel पर ही उड़ा दिया दिल्ली से लखनऊ विमान, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिग- 202 यात्रियों की अटकी सांसें

Lucknow Airport । दरअसल यह विमान दिल्ली से लखनऊ पहुंचा और दो बार लैंडिंग का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सका। इसके बाद विमान को वाराणसी डायवर्ट करने की बात कही गई। इसके लिए प्रयास हुए और ईंधन के बारे में जानकारी ली गई तो यह बात सामने आई कि विमान में वाराणसी पहुंचने का ईंधन नहीं है। लखनऊ एयरपोर्ट पर दोपहर का समय काफी व्यस्त होता है।

By Govind MishraEdited By: Mohammed Ammar Updated: Mon, 28 Oct 2024 07:44 PM (IST)
Hero Image
विमान लैंड होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। दिल्ली से लखनऊ आए एयर इंडिया के विमान की सोमवार को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। दरअसल, दो बार लैंडिंग का प्रयास असफल रहने पर वाराणसी का डायवर्जन मांगा गया, लेकिन ईंधन कम होने की वजह से ऐसा करने की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद विमान को लखनऊ हवाई अड्डे पर ही उतारा गया। विमान में 202 यात्री सवार थे।

दिल्ली से 12:37 पर भरी थी उड़ान

एयर इंडिया के विमान एआइ 431 ने सोमवार को दिल्ली से 12:37 बजे लखनऊ के लिए उड़ान भरी थी। यह विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर करीब 26 मिनट के विलंब से दोपहर 1:56 बजे बमुश्किल उतरा। दरअसल, यह विमान दिल्ली से लखनऊ पहुंचा और दो बार लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। इसके बाद विमान को वाराणसी डायवर्ट करने की बात कही गई। इसके लिए प्रयास हुए और ईंधन के बारे में जानकारी ली गई तो यह बात सामने आई कि विमान में वाराणसी पहुंचने का ईंधन नहीं है। लखनऊ एयरपोर्ट पर दोपहर का यह समय काफी व्यस्त होता है।

दोबार लैंडिंग कराने का फिर किया प्रयास 

सूत्र बताते हैं कि इसके बाद विमान ने फिर से चक्कर लगाकर एयरपोर्ट पर लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन एक दिक्कत यह आ गई कि उस वक्त कई विमान पहले से ही लैंडिंग के लिए कतार में थे। इसके बाद यह जानकारी एटीसी को दी गई और लो फ्यूल इमरजेंसी की वजह से विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई। एयरपोर्ट प्रशासन इस बारे में कुछ भी जानकारी देने से इन्कार कर रहा है।

अटकी सांसें, लैंडिंग के बाद राहत

सूत्र बताते हैं कि विमान की लैंडिंग का प्रयास जब दो बार असफल रहा तो यात्रियों की सांसें अटक गईं। लोग घबरा गए। इसके बाद वाराणसी जाने वाली बात भी नहीं बन पाई। इसके बाद विमान जब एयरपोर्ट पर उतर गया तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली।

बेंगलुरु से आ रहे विमान में फिर बम होने की सूचना

बेंगलुरु से लखनऊ आ रहे इंडिगो के विमान 6ई196 में सोमवार को बम की सूचना ने एक बार फिर यात्रियों को छकाया। इस विमान ने बेंगलुरु से एक बजे उड़ान भरी थी और लखनऊ में दोपहर 3:30 बजे लैंड हो गया। इस बीच विमान में बम होने की सूचना मिली।

सूत्र बताते हैं कि विमान को लखनऊ में लैंडिंग के बाद आइसोलेशनवे पर ले जाया गया और वहां पर लगेज और पूरे विमान की जांच सीआइएसएफ ने की। एयरपोर्ट की बम खतरा आकलन समिति ने खतरे का आकलन कर विमानन प्रोटोकाल के अनुरूप सुरक्षा उपाय लागू गए। यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।