Move to Jagran APP

भाजपा की बैठक में अखिलेश-राहुल का जिक्र, BJP प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस को बताया भस्मासुर; सपा मुखिया को दी नसीहत

भाजपा की एक दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक रविवार यानी 14 जुलाई को हुई। कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ब्रजेश पाठक राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े अरुण सिंह पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी सहित अन्य उपस्थित रहे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं में प्रधानमंत्री के विजन को पूरा करने के लिए जोश भरा।

By Jagran News Edited By: Riya Pandey Updated: Sun, 14 Jul 2024 02:25 PM (IST)
Hero Image
प्रदेश कार्य समिति की बैठक में उपचुनाव व 2027 के विधानसभा चुनाव जीत का रखा गया लक्ष्य

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा, कार्यकर्ताओं का सम्मान हमारी प्राथमिकता है जिसके साथ कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। पार्टी अपने सभी कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

हम सब मिलकर संकल्प लें कि आगामी 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों में शत-प्रतिशत विजय हासिल करेंगे। अगली लड़ाई स्वार्थी परिवारवादियों और मोदी के परिवार के बीच है, राष्ट्र विरोधियों और राष्ट्रभक्तों के बीच में है, धर्म और अधर्म के बीच में है, तुष्टीकरण और संतुष्टीकरण के बीच में है, भ्रष्टाचारियों और सदाचारियों के बीच में है।

विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध

2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का मोदी जी का संकल्प को हम सभी कार्यकर्ता पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। अभी से हम सभी कार्यकर्ताओं को कमर कस कर प्राणपण से लग जाना है और 2027 के चुनाव में विरोधियों को मात देते हुए भाजपा की प्रचंड विजय को सुनिश्चित करना है।

'62 साल बाद किसी पार्टी ने लगातार तीसरी बार बनाई सरकार'

भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार भाजपा ने जीत हासिल की है। 62 वर्ष बाद किसी पार्टी ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है। आज भाजपा नई ऊंचाइयों को छू रही है। राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय सभागार में चौधरी ने हालिया लोकसभा चुनाव परिणामों का भी जिक्र किया।

भ्रमजाल और अफवाह से जनता को उलझाने की जुगत में हैं विपक्ष

कहा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसे परिवारवादी लोगों ने झूठा भ्रमजाल और अफवाह फैलाकर प्रदेश की जनता को जातीय आंकड़ों में उलझाने की कोशिश की, इसमें कुछ हद तक वे सफल भी रहे। हमारे लिए अब बड़ी चुनौती है, हम सब कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर विपक्षी के विभाजनकारी षड्यंत्र को बेनकाब करना है।

कांग्रेस भस्मासुर है, जल्दी लगा देगी ठिकाने पर- प्रदेश अध्यक्ष

उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को कांग्रेस पार्टी से सचेत रहने की नसीहत दी। कहा, अखिलेश यादव जी, आपको सावधान कर रहा हूं यह कांग्रेस भस्मासुर है और बहुत जल्दी आपको ठिकाने लगा देगी। कांग्रेस की नजर आपके मुस्लिम वोट पर पड़ गई है। कांग्रेस की सोच एवं उनकी कार्यशैली में लोकतंत्र की कोई गुंजाइश ही नहीं है। कांग्रेस का एक इकोसिस्टम है जो हारने वालों को जीता हुआ बताकर जीतने वालों पर प्रश्न खड़े करता है।

'दूसरी पार्टियों के वोटों पर जीती है कांग्रेस'

उन्होंने कहा कि 13 राज्यों में कांग्रेस पार्टी की सीटें शून्य हैं। कांग्रेस पार्टी जहां भी जीती है वहां अपने वोटों से नहीं जीती, बल्कि दूसरी पार्टियों के वोटों पर जीती है। पिछले तीन चुनावों से कांग्रेस ने प्रदेश में अलग-अलग दलों के साथ जाने का प्रयास किया और अपना स्वार्थ ठीक हो जाने के बाद उस पार्टी को रसातल में पहुंचा दिया।

'कांग्रेस का कोई वैचारिक आधार ही नहीं'

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक मात्र पार्टी है जो अपनी विचारधारा पर अडिग है। कांग्रेस पार्टी का तो कोई वैचारिक आधार है ही नहीं। कांग्रेस ने दलित वंचितों की पार्टी के वोट झूठ बोलकर भले ही ले लिया हो लेकिन इनके द्वारा कभी भी दलितों शोषितों के भले के लिए काम नहीं किया गया है।

भूपेन्द्र चौधरी ने 25 जून आपातकाल के दिवस को संविधान हत्या दिवस घोषित करने के लिए कार्यसमिति की ओर से प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। 

बैठक में ये लोग रहे उपस्थित

कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य,  ब्रजेश पाठक, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, अरुण सिंह, पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी सहित अन्य उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी के खिलाफ बयानबाजी से राजनीतिक हलचल तेज, आखिर किसके इशारे पर बयान दे रहे BJP नेता?

यह भी पढ़ें- सपा में फिर शुरू हुआ बैठकों का दौर, हारे हुए बूथों की समीक्षा करेगी पार्टी

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।