'पीडीए का मतलब पीड़ित, दुखी व अपमानित', अखिलेश बोले- भाजपा छीन रही है PDA के लोगों का आरक्षण व नौकरी
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए का अर्थ पीड़ित दुखी और अपमानित बताया। उन्होंने सरकार पर अधिवक्ता अखिलेश दुबे को बचाने का आरोप लगाया। अखिलेश ने संविधान संशोधन विधेयक पर कहा कि दूसरों के लिए गड्ढा खोदने वाले खुद गिरते हैं। उन्होंने भाजपा पर आरक्षण छीनने और गायत्री प्रजापति को धोखा देने का आरोप लगाया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए (पिछड़े, दलित व अल्पसंख्यक) का विस्तार करते हुए कहा है कि अब पीडीए का मतलब पीड़ित, दुखी व अपमानित है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि कानपुर के चर्चित अधिवक्ता अखिलेश दुबे को सरकार बचा रही है। सपा अध्यक्ष ने संविधान में 130 वें संशोधन विधेयक को लेकर कहा कि जो दूसरों के लिए गड्ढा खोदते हैं वो खुद उस गड्ढे में गिरते हैं। ईडी बनाने वाले लोगों को भी जेल हुई थी।
सोमवार को सपा मुख्यालय में प्रजापति समाज द्वारा आयोजित पंचायत में सम्मानित होने के बाद उन्होंने संविधान के 130वें संशोधन विधेयक को लेकर इटली, जर्मनी और रूस का उदाहरण देते हुए कहा कि दुनिया भर में जिन सरकारों ने ऐसे कानून बनाए, वे टिक नहीं पाईं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पीडीए का आरक्षण व नौकरी छीन रही है। गायत्री प्रजापति के मामले को लेकर कहा कि भाजपा ने सपा के विरुद्ध उनसे वोट डलवा लिया और उसके बाद उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के न्यूयार्क से भी ज्यादा शराब की दुकानें उत्तर प्रदेश में खोली गई हैं। प्रदेश में 27,000 प्राइमरी स्कूलों को बंद कराया जा रहा है। गलत वोट बनाने के मामले में कहा कि संबंधित डीएम और अन्य बड़े अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने भाजपा पर तंज कसा कि भाजपा ज्योतिषशास्त्र पर विश्वास करती है न कि खगोलशास्त्र पर। उन्होंने आरोप लगाया कि एक उपमुख्यमंत्री व बंसल नाम का व्यक्ति सपा को बदनाम करने के लिए विधायक पूजा पाल से पत्र लिखवा रहा है।
शुभांशु से मिलेंगे, लेकिन समय लेकर
अंतरिक्ष से लौटे लखनऊ के शुभांशु शुक्ला के मामले कहा कि वे समय लेने के बाद उनसे जरूर मिलेंगे। उनके अंतरिक्ष जाने में भाजपा में क्या योगदान है। भाजपा नेता कहते हैं भगवान हनुमान भी अंतरिक्ष गए थे। हमारे तो सभी भगवान अंतरिक्ष में रहते हैं। भाजपा हर बात का क्रेडिट स्वयं लेना चाहती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।