Move to Jagran APP

लखनऊ में चला पूरे दिन हाई-वोल्टेज ड्रामा, फिर भी माल्यार्पण से नहीं रुके अखिलेश; जानिए दिनभर की 10 बड़ी बातें

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को शुक्रवार को लखनऊ में जयप्रकाश नारायण की जयंती पर जेपीएनआईसी जाने से रोक दिया गया। उन्होंने बैरिकेड्स लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और भाजपा पर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि भाजपा यह परंपरा शुरू कर रही है कि आज वह हमारे महापुरुषों का सम्मान नहीं करने दे रही है कल आप u200dउनके महापुरुषों का सम्मान नहीं करने देना।

By Jagran News Edited By: Aysha Sheikh Updated: Fri, 11 Oct 2024 07:08 PM (IST)
Hero Image
आवास के बाहर जेपी नारायण की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देते सपा प्रमुख अखिलेश यादव।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। लोकनायक जय प्रकाश नारायण की जयंती पर जेपीएनआइसी (जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर) जाने की अनुमति नहीं मिलने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को शुक्रवार को उनके घर के पास रोक लिया गया।

बैरिकेड्स लगाकर की गई मजबूत घेराबंदी के बीच सपा प्रमुख अपने घर से जय प्रकाश नारायण की प्रतिमा लेकर सड़क पर आ गए। पीडीए रथ पर रखी प्रतिमा को माल्यार्पण कर सांकेतिक जयंती मनायी। कार्यकर्ताओं को संबोधित कर उन्होंने भाजपा पर हमला बोला और फिर सपा प्रदेश कार्यालय चले गए।

अखिलेश के बयान की दस बड़ी बातें

  1. इस दौरान सपा प्रमुख ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कहा कि यह उनके लिए मौका है। ऐसी सरकार जो समाजवादियों को लोकनायक की जयंती के दिन उनको याद नहीं करने दे रही, उससे समर्थन वापस ले लें।
  2. अखिलेश यादव ने याद दिलाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी जेपी आंदोलन से ही निकले हैं।
  3. सपा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जेपीएनआइसी को बेचना चाहती है।
  4. याद दिलाया कि भाजपा ने सपा सरकार में बनाए पला गए सियो माल और किसान बाजार को भी बेच दिया है। 
  5. अखिलेश ने यह भी कहा कि जेपीएनआइसी की जांच कई बार हो गई लेकिन रिपोर्ट नहीं आयी। सुना है कि 70 करोड़ रुपये का भुगतान हो गया, इसके बाद भी जेपीएनआइसी शुरू नहीं हुआ।

6. भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा यह परंपरा शुरू कर रही है कि आज वह हमारे महापुरुषों का सम्मान नहीं करने दे रही है, कल आप ‍उनके महापुरुषों का सम्मान नहीं करने देना।

7. कहा कि भाजपा जेपीएनआइसी में बिच्छू होने की बात कहकर हमें रोक रही है, सच तो यह है कि उसकी सरकार में ही कई बिच्छू हैं।

8. भाजपा के लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन में कोई योगदान नहीं दिया है। इसलिए जिनके कारण यह देश आजाद हुआ है, उनका सम्मान भाजपा नहीं करना चाहती है।

9. अखिलेश ने कहा कि आज त्योहार न होता तो यह बैरिकेडिंग समाजवादियों को रोक नहीं पाती।

10. अखिलेश ने यह भी कहा कि जो सरकार भेड़ियों से गरीबों को नहीं बचा पा रही है, वह हमारे स्वास्थ्य की चिंता क्यों कर रही है?

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने इकाना स्टेडियम का नाम बदला। कैंसर इंस्टीट्यूट और लोकभवन बनाकर हमने किसी महापुरुष की प्रतिमा नहीं लगायी। इन्होंने (भाजपा ने) वहां प्रतिमा लगा दी है। सलाह भी दि कि अधिकारियों की यह जिम्मेदारी है कि वे भारत रत्न का सम्मान करे।

एलडीए ने लेटर में क्‍या ल‍िखा? 

लखनऊ विकास प्राधिकरण ने गुरुवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निजी सचिव गंगाराम को पत्र भेजा था, जिसमें यह बताया गया था कि भवन अभी निर्माणाधीन है। इस वजह से निर्माण सामग्री अनियोजित ढंग से रखी हुई है। बारिश के बाद यहां जीव जंतु पाए जाने की आशंका है, जिसकी वजह से जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का यहां पर माल्यार्पण करना सुरक्षित नहीं है।

महासचिव शिवपाल सिंह यादव का बयान भी आया सामने

उधर सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा तानाशाही के रास्ते पर जा रही है। जय प्रकाश नारायण ने संपूर्ण क्रांति का नारा दिया था जिससे परिवर्तन हुआ था। भाजपा को हटाने के लिए सपा कार्यकर्ताओं को एक नई क्रांति करनी पड़ेगी।

ये भी पढ़ें - 

अखिलेश को मूर्ति पर माल्यार्पण करने से रोकने पर गरमाई यूपी की सियासत, शिवपाल को पुलिस ने रोका- लखनऊ से कन्नौज तक हंगामा

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें