Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अखिलेश यादव ने सड़कों के गड्ढों का उठाया मुद्दा, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप; कहा- भ्रष्टाचार हुआ है

यूपी में सड़कों पर पड़े गड्ढों के कारण एक महिला की मौत हो गई। इस घटना पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार सात साल में सड़कों के गड्ढे नहीं भर पायी है। हर साल सड़क को गड्ढा मुक्त करने के नाम पर हजारों करोड़ रुपये का बजट जारी होता है लेकिन उसका दुरुपयोग हो जाता है।

By Nishant Yadav Edited By: Aysha Sheikh Updated: Fri, 04 Oct 2024 08:10 PM (IST)
Hero Image
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव - फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। गाजीपुर में बुधवार को सड़क पर पड़े गड्ढे के कारण असंतुलित दोपहिया वाहन से गिरने से हुई एक महिला की मौत को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार सात साल में सड़कों के गड्ढे नहीं भर पायी है।

हर साल सड़क को गड्ढा मुक्त करने के नाम पर हजारों करोड़ रुपये का बजट जारी होता है। फिर उसकी लूट हो जाती है। सड़कें जस की तस रह जाती हैं। सड़कों पर पड़े गड्ढों के कारण प्रदेश में हर दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

सपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि गड्ढा मुक्त सड़क के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लूट हुई है। इस सरकार में विकास कार्य ठप है। बजट के पैसे का बंदरबांट हो रहा है। इस सरकार में अब तक कई लोग सड़कों के गड्ढों के कारण मौत के मुंह में जा चुके हैं। भाजपाई और ठेकेदार इसे अवसर मानकर जश्न मनाते हैं।

इस सरकार में हो रहे हर निर्माण कार्य में भारी लूट हो रही है। मुख्यमंत्री जी अब तक अपने पूरे कार्यकाल में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के नाम पर न जाने कितनी बार तारीख दे चुके हैं, लेकिन भ्रष्ट सरकार पर कोई असर नहीं पड़ा। मुख्यमंत्री के आदेश कागज पर सीमित और बेअसर हैं।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें