Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'किसानों को खाद-बीज नहीं उपलब्ध करा पा रही भाजपा सरकार', Akhilesh Yadav ने बोला हमला

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर किसानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को खाद-बीज और अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पा रही है। किसानों को डीएपी एनपीके और अन्य उर्वरकों की आवश्यकता है लेकिन उन्हें ये नहीं मिल रहे हैं। सहकारी समितियों पर उर्वरक नहीं है और डीएपी के लिए दिनभर लंबी लाइन लगने के बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल रही है।

By Nishant Yadav Edited By: Aysha Sheikh Updated: Fri, 27 Sep 2024 09:33 PM (IST)
Hero Image
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव - फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर किसानाें की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने शुक्रवार को बयान जारी करते हुए कहा कि यह सरकार किसानों को खाद-बीज और अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पा रही है।

किसानों को आलू, गेहूं और अन्य फसलों की बुआई के लिए डीएपी, एनपीके और अन्य उर्वरकों की आवश्यकता है, लेकिन कन्नौज, मैनपुरी, संभल सहित अन्य जिलों के किसान डीएपी खाद और उर्वरकों के लिए भटक रहे हैं। सहकारी समितियों पर उर्वरक नहीं है। डीएपी के लिए दिनभर लंबी लाइन लगने के बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल रही है।

तराई जिलों में किसान बाढ़ से पीड़ित: सपा प्रमुख

सपा प्रमुख ने फिर दोहराया कि भाजपा ने किसानों से आय दोगुणी करने से लेकर अन्य कई बड़े-बड़े वादे किये थे, लेकिन कोई भी वादा पूरा नहीं किया। भाजपा सरकार में अन्नदाता चौतरफा संकटों से घिरा हुआ है। तराई जिलों में किसान बाढ़ से पीड़ित हैं।

सैकड़ों गांव बाढ़ की चपेट में हैं। उनकी फसलें बर्बाद हो चुकी है। वहीं, एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि बहराइच, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर और सीतापुर में भेड़िया और जंगली जानवरों से किसानों और आम लोगों में दहशत है। प्रशासन भेड़िये की बात को नकार रहा है। जबकि सच्चाई है कि जंगली जानवरों के हमले में कई लोगों की जान जा चुकी है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें