Move to Jagran APP

UP By Election: अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- यूपी पुलिस को बर्बाद कर दिया

अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश की पुलिस को बर्बाद कर दिया है। पुलिस का राजनीतिकरण हो गया है और पुलिस व प्रशासन भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था और विकास को छोड़कर पुलिस व प्रशासन भाजपा सरकार के इशारे पर विपक्ष के खिलाफ षडयंत्र करने में जुटा रहता है।

By Nishant Yadav Edited By: Aysha Sheikh Updated: Sat, 26 Oct 2024 08:03 PM (IST)
Hero Image
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव - फाइल फोटो ।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मंगेश यादव एनकाउंटर से लेकर बहराइच दंगे तक पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाने वाले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को फिर से भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश की पुलिस को भी बर्बाद कर दिया है। पुलिस का राजनीतिकरण कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन भाजपा कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने लगा है।

'हिरासत में सबसे ज्यादा मृत्यु उत्तर प्रदेश में'

सपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था और विकास को छोड़कर पुलिस व प्रशासन भाजपा सरकार के इशारे पर विपक्ष के खिलाफ षडयंत्र करने में जुटा रहता है। देश में हिरासत में सबसे ज्यादा मृत्यु उत्तर प्रदेश में हो रही है। सबसे ज्यादा फर्जी एनकाउंटर उत्तर प्रदेश में हो रहा है।

किसानों-नौजवानों का शोषण : अखिलेश

किसानों, नौजवानों का शोषण हो रहा है। यह सरकार किसानों को खाद भी नहीं उपलब्ध करा पा रही, भाजपा कार्यकर्ता और नेताओं ने सहकारी समितियों पर कब्जा कर लिया है। अब खाद, बीज में किसानों से दलाली करके लूट कर रहे है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप है, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार, अपराध चरम पर है। भाजपा सरकार ने पूरे कार्यकाल में पीडीए समाज के साथ भेदभाव किया है। अब पीडीए भाजपा के खिलाफ एकजुट हो गया है तो भाजपा घबराई हुई है। प्रदेश में किसी की जान और व्यापार सुरक्षित नहीं है तो निवेश कैसे आएगा?

सपा की सूची में अखिलेश व शिवपाल व आजम सहित 40 स्टार प्रचारक

नौ विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए सपा ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव, पूर्व मंत्री व राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव और आजम खां के नाम भी शामिल हैं।

सपा ने प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव की ओर से चुनाव आयोग को पार्टी के स्टार प्रचारकों की जो सूची सौंपी है, उसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, राष्ट्रीय महासचिव मो.आजम खां, सांसद डिंपल यादव, जया बच्चन, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, रामजी लाल सुमन, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद बाबू सिंह कुशवाहा, हरेन्द्र मलिक, लालजी वर्मा, अवधेश प्रसाद, नरेश उत्तम पटेल, इंद्रजीत सरोज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, विश्वंभर प्रसाद निषाद, राम अचल राजभर, ओमप्रकाश सिंह और कमाल अख्तर के नाम शामिल हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।