Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

लखनऊ में डिलीवरी ब्वाय की हत्या पर Akhilesh Yadav का रिएक्शन, कहा- हर सप्ताह हो रहीं अपराध की सैकड़ों घटनाएं

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में प्रदेश में हत्या लूट दुराचार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में हर सप्ताह अपराध की सैकड़ों घटनाएं हो रही हैं। भाजपा सरकार में असली अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती है।

By Nishant Yadav Edited By: Aysha Sheikh Updated: Tue, 01 Oct 2024 07:10 PM (IST)
Hero Image
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव - फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी से चेन लूट और डिलीवरी ब्वाय से हत्या के बाद हत्या जैसी कई घटनाओं को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में हत्या, लूट, दुराचार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। कानून व्यवस्था को लेकर सरकार के सारे दावे झूठे हैं।

सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में हर सप्ताह अपराध की सैकड़ों घटनाएं हो रही हैं। भाजपा सरकार में असली अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती है। इसी कारण महिलाओं के साथ दुष्कर्म और सामूहिक दुराचार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।

भाजपा सरकार कानून व्यवस्था सुधारने और महिला अपराध रोकने के बजाय राजनीतिक विरोधियों को झूठे मामलों में फंसाने और बदनाम करने का षडयंत्र रचती हैं। जब सरकार लोगों को न्याय देने के बजाय पुलिस का इस्तेमाल कर लोगों के साथ अन्याय और साजिश करेगी तो कानून व्यवस्था कैसे सुधरेगी।

शुभकामनाएं दी

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी है। सपा प्रमुख ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अंग्रेजों से मुक्ति के बाद जिस आजाद भारत का सपना देखा था, उसमें ग्रामस्वराज की कल्पना और अंत्योदय पर बल था।

उनके बताए रास्ते पर चलकर ही देश प्रगति कर सकता है। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान-जय किसान का नारा दिया था। देश की रक्षा में किसान का बेटा ही सीमाओं पर लड़ता है।

सोनम वांगचुक की यात्रा बाधित करने का आरोप

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लद्दाख से दिल्ली आ रहे जलवायु प्रेमी सोनम वांगचुक की यात्रा को बाधित किए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जो लोग शांति से डरते हैं, वो अंदर से डरे हुए लोग होते हैं।

भाजपा सरकार पर्यावरण रक्षक व लद्दाख हितैषी सोनम वांगचुक जी की शांतिपूर्ण दिल्ली यात्रा को बाधित करके कुछ भी हासिल नहीं कर सकती। केंद्र अगर सरहद की आवाज नहीं सुनेगा तो ये उसकी राजनीतिक संवादहीनता कहलाएगी।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें