यूपी पुलिस में कंप्यूटर ऑपरेटर-लिपिक संवर्ग की भर्ती परीक्षा की तारीखों का एलान, 10 शहरों में बनाए गए एग्जाम सेंटर
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने कंप्यूटर ऑपरेटर और लिपिक संवर्ग के पदों के लिए परीक्षा तिथियाँ घोषित कर दी हैं। कंप्यूटर ऑपरेटर की परीक्षा 1 नवंबर को और लिपिक संवर्ग की 2 नवंबर को होगी। परीक्षा 10 शहरों में आयोजित की जाएगी। उपनिरीक्षक भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा की तैयारी भी चल रही है जिसके लिए लाखों अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम होंगे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उप्र पुलिस में कंप्यूटर ऑपरेटर और लिपिक संवर्ग में उपनिरीक्षक (गोपनीय), सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) व सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों पर भर्ती की ऑफलाइन लिखित परीक्षा (ओएमआर आधारित) एक व दो नवंबर को होगी। कंप्यूटर ऑपरेटर की परीक्षा एक नवंबर व लिपिक संवर्ग की परीक्षा दो नवंबर को होगी। परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध होंगे।
पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने दोनों परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं। दोनों परीक्षाएं 10 शहरों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर एक-एक पाली में होंगी। परीक्षा केंद्र लखनऊ, आगरा, बरेली, कानपुर नगर, मुरादाबाद, गोरखपुर, झांसी, प्रयागराज, मेरठ व वाराणसी में होंगे। वहीं उपनिरीक्षक के 4,534 पदों पर भर्ती के लिए आनलाइन लिखित परीक्षा लगभग तीन माह में दो से तीन दिनों में संपन्न कराए जाने की तैयारी है। दारोगा भर्ती के लिए कुल 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जिनमें 4,09,374 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
पुलिस में कंप्यूटर आपरेटर ग्रेड-ए के 1,129 पदों पर भर्ती-2023 के तहत कुल 1,01,396 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। कंप्यूटर आपरेटर की परीक्षा एक नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 तक होगी। वहीं लिपिक संवर्ग में उपनिरीक्षक (गोपनीय), सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) व सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के कुल 921 पदों के लिए 77, 079 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनकी लिखित परीक्षा दो नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी।
भर्ती बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा केंद्र के जिले का नाम परीक्षा की तिथि से सात दिन पूर्व घोषित किया जाएगा। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने का विकल्प परीक्षा से तीन दिन पूर्व उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा से जुड़ी सभी सूचनाएं व निर्देश भर्ती बोर्ड की वेबसाइट के माध्यम से ही प्रदान की जाएंगी।
दूसरी ओर बोर्ड दारोगा भर्ती की लिखित परीक्षा 60,244 पदों पर हुई सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा की तर्ज पर कराएगा। कई स्तर पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध होंगे। कुल 15,75,760 अभ्यर्थियों की आनलाइन लिखित परीक्षा दो से तीन दिनों में दो-दो पालियों में कराए जाने की तैयारी है। कंप्यूटर आपरेटर व लिपिक संवर्ग में भर्ती की लिखित परीक्षाएं संपन्न होने के बाद दारोगा भर्ती की परीक्षा की तैयारियां तेज होंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।