Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

करोड़ों की ठगी में शाइन सिटी का एक और अधिकारी गिरफ्तार, कंपनी के खिलाफ दर्ज हैं 400 से अधिक मुकदमे

लखनऊ में पकड़ा गया शाइन सिटी के निदेशक का करीबी और कंपनी में अधिकारी था। उसने खुद को राजनैतिक दल का जिलाध्यक्ष भी बताया था। बीकेटी स्थित शाइन सिटी की हाउसिंग सोसाइटी में प्लाट दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी की गई है।

By Anurag GuptaEdited By: Updated: Fri, 29 Apr 2022 11:23 PM (IST)
Hero Image
शाइन सिटी के निदेशक राशिद नसीम का करीबी है गिरफ्तार आरोपित अभिषेक।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। जमीन और निवेश के नाम पर 60 हजार करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले शाइन सिटी के निदेशक राशिद नसीम के करीबी अभिषेक ठाकुर को ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) की टीम ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को गोमतीनगर थाने में दाखिल किया गया है। अभिषेक के खिलाफ करीब 12 मुकदमे हैं। वह शाइन सिटी में अधिकारी के पद पर था।

ईओडब्ल्यू टीम से मिली जानकारी के मुताबिक अभिषेक ठाकुर मूल रूप से सीतापुर का रहने वाला है। वह शाइन सिटी के निदेशक का करीबी और कंपनी में अधिकारी था। वह खुद को एक राजनैतिक दल का जिलाध्यक्ष भी बताता था। शाइन सिटी की बीकेटी स्थित हाउसिंग सोसाइटी में प्लाट दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों की ठगी की थी। अभिषेक लक्जरी गाड़ियों से घूमता था। उसने बहुत से लोगों को सोने और हीरे में निवेश के नाम पर भी लोगों से ठगी की थी। निदेशकों पर निवेश और प्लाट के नाम पर लोगों से 60 हजार करोड़ से अधिक की ठगी का आरोप है। कंपनी के खिलाफ 400 से अधिक मुकदमें करीब गोमतीनगर कोतवाली में दर्ज हैं। पूरे देश में हजारों मुकदमें दर्ज हैं।

दो ने जान दी : पति से झगड़े के बाद 22 वर्षीय अंजू चौहान ने फांसी लगा ली। जानकीपुरम स्थित घर में फंदे पर उनका शव लटका मिला। इंस्पेक्टर ने बताया कि अंजू के पति का नाम विश्वनाथ है। वह छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। अंजू, पति के साथ एक माह से किराए पर जानकीपुरम में रह रही थी। अंजू का पति से विवाद हो गया था। इसके बाद उसने फांसी लगा ली। वहीं, जानकीपुरम स्थित स्मृति अपार्टमेंट में रहने वाले 28 वर्षीय भरत कुमार ने फांसी लगा ली। भरत कुमार एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। वह आंध्रप्रदेश के रहने वाले थे। शुक्रवार दोपहर उनका फ्लैट के अंदर फंदे पर शव लटका मिला।

असलहा रहराने का वीडियो वायरल, मुकदमा : इंटरनेट मीडिया पर गुरुवार की रात एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें युवक असलहा लहराते नजर आया। मामले की जांच पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर शुरू हुई तो पता चला कि वीडियो पारा इलाके की डूडा कालोनी का है। जहां दो युवक एक मकान के बाहर गाली-गलौज कर अभद्रता कर रहे थे। उन्होंने ही असलहा लहराते हुए लोगों को धमकाया इसके बाद भाग निकले। इंस्पेक्टर को जांच सौंपी गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपित युवकों की पहचान मुन्नूखेड़ा में रहने वाले कपिल यादव और विनय शर्मा के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

दो वाहन चोर गिरफ्तार, कार और बाइक बरामद : हजतगंज पुलिस ने शुक्रवार को दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी की एक कार और बाइक बरामद की है। इंस्पेक्टर श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार चोरों में सीतापुर लहरपुर का रहने वाला मो. कलीम और इस्लामपुर का कबाड़ी गुफरान है। दोनों को बालू अड्डा के पास से पकड़ा गया है। यह लोग मास्टर की से सार्विजनक स्थानों और बाजार में खड़ी गाड़ियों को टारगेट करते थे। इसके बाद लाक खोलकर गाड़ियां लेकर भाग जाते थे। फिर गाड़ियां कटवाकर उनके पार्ट्स बेच देते थे। आरोपितों के खिलाफ बाराबंकी और सीतापुर में करीब 18-20 मुकदमे दर्ज हैं।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें