Move to Jagran APP

Deepotsav 2024: दीपोत्सव में नदी के पानी पर बने मंच पर होंगी कलाकारों की प्रस्तुतियां, मुख्य कार्यक्रम 30 को

अयोध्या में 28 से 30 अक्टूबर तक होने वाले दीपोत्सव में सरयू नदी के पानी पर बने मंच पर कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। इस बार 25 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे और 10 लाख दीप विभिन्न मंदिरों में जलाए जाएंगे। इस मौके पर लेजर शो का भी आयोजन किया जाएगा। पिछले वर्ष 22.23 लाख दीप जलाए गए थे और 54 देशों के राजनयिक कार्यक्रम के साक्षी बने थे।

By Manoj Kumar Tripathi Edited By: Aysha Sheikh Updated: Wed, 23 Oct 2024 08:12 PM (IST)
Hero Image
दीपोत्सव में नदी के पानी पर बने मंच पर होंगी कलाकारों की प्रस्तुतियां - प्रतीकात्मक तस्वीर।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अयोध्या में 28 से 30 अक्टूबर तक होने वाले दीपोत्सव में सरयू नदी के पानी पर बने मंच पर कलाकारों की प्रस्तुतियां होगी। इस बारे में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 30 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया दीपोत्सव में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी निमंत्रण भेजा गया है।

बुधवार को पर्यटन मंत्री ने पर्यटन भवन में पत्रकारों से कहा कि दीपोत्सव को लेकर साकेत से चार किलोमीटर की शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार 25 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। साथ ही 10 लाख दीप विभिन्न मंदिरों में जलाए जाएंगे। इस मौके पर लेजर शो का भी आयोजन किया जाएगा। पिछले वर्ष 22.23 लाख दीप जलाए गए थे और 54 देशों के राजनयिक कार्यक्रम के साक्षी बने थे।

उन्होंने बताया कि इस बार महाकुंभ का आयोजन 45 दिनों के लिए किए जाएगा। इसमें 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। होटलों की कमी को पूरा करने के लिए पांच सितारा सुविधाओं वाले टेंट सिटी बनाए जा रहे हैं। टेंट सिटी में एटीएम से लेकर वाई-फाई की भी सुविधा दी जाएगा। साथ ही कैटरिंग का कार्य पांच सितारा होटलों को सौंपा जा रहा है।

सफेद टी-शर्ट व कैप में नजर आएंगे स्वयंसेवक

अयोध्या: डा. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल ने दीपोत्सव की तैयारी को अंतिम रूप देना प्रारंभ कर दिया है। राम की पैड़ी के 55 घाटों पर 30 हजार स्वयंसेवकों के सहयोग से 28 लाख दीपों को सजाया जाएगा। 25 लाख दीपों को प्रज्वलित करने का नया विश्व रिकार्ड बनाया जाएगा। इस दौरान सभी स्वयंसेवक सफेद टी-शर्ट व कैप में दिखेंगे।

गुरुवार से परिसर, संबद्ध महाविद्यालयों, इंटर कालेज व स्वयंसेवी संस्थाओं के स्वयंसेवकों को परिचय पत्र वितरित किया जाना शुरू होगा। दीपोत्सव नोडल अधिकारी प्रो. संत शरण मिश्र ने बताया कि 55 घाटों पर एक दर्जन से अधिक पर्यवेक्षक तैनात किए गए है। घाट समन्वयक व घाट प्रभारी नियुक्त हैं। सभी घाटों पर आवासीय परिसर, संबद्ध महाविद्यालयों, इंटर कालेज एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों की देखरेख में दीप प्रज्ज्वलित कर सातवीं बार विश्व कीर्तिमान बनाया जाएगा।

मीडिया प्रभारी डा. विजयेंदु चतुर्वेदी ने बताया कि 25 अक्टूबर को सुबह साढ़े 11 बजे दीपोत्सव की अंतिम प्रशिक्षण बैठक स्वामी विवेकानंद सभागार में होगी। इसमें विश्वविद्यालय के समस्त संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक, समन्वयक, जिला विद्यालय निरीक्षक, दीपोत्सव में प्रतिभाग करने वाले समस्त प्राचार्यगण महाविद्यालय, समस्त समन्यकगण, घाट प्रभारी एवं स्वयंसेवक प्रतिभाग करेंगे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।