Move to Jagran APP

प्रदेश में आज व कल नदियों में प्रवाहित की जाएंगी अटल बिहारी की अस्थियां

प्रदेश में 16 शहरों में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को विभिन्न नदियों में प्रवाहित किया जाएगा। लखनऊ से अस्थि कलश को लेकर मंत्रिमंडल के सदस्य रवाना हो गए हैं।

By Dharmendra PandeyEdited By: Updated: Fri, 24 Aug 2018 01:10 PM (IST)
Hero Image
प्रदेश में आज व कल नदियों में प्रवाहित की जाएंगी अटल बिहारी की अस्थियां

लखनऊ (जेएनएन)। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को कल लखनऊ में गोमती नदी में प्रवाहित किया गया। इसके बाद प्रदेश के अन्य मंडलों में अस्थि क्लश को विभिन्न नदियों में प्रवाहित करने के लिए लखनऊ में भाजपा प्रदेश मुख्यालय से रवाना किया गया। योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल के सदस्यों विभिन्न मंडलों में अस्थि कलश को लेकर रवाना हो गए हैं।

प्रदेश में 16 शहरों में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को विभिन्न नदियों में प्रवाहित किया जाएगा। लखनऊ में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय से इन अस्थि कलशों को लेकर योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल के सदस्य रवाना हो गए हैं। इन जिलों में पहले अस्थि कलश को दर्शन के लिए रखा जाएगा। उसके बाद नदियों में प्रवाहित किया जाएगा। सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल अस्थि कलश को मंत्रियों और पदाधिकारियों को कलश सौंपा।

भाजपा मुख्यालय से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों के विसर्जन के लिए निकलने वाली कलश यात्रा के लिए प्रदेश भर का रुट तय किया गया। भाजपा मुख्यालय से प्रदेश सरकार के एक मंत्री और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी के नेतृत्व में काफिला अस्थियों को लेकर निकला। डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और सुनील बंसल ने मंत्रियों और पदाधिकारियों का दायित्व निर्धारित कर दिया है।

गोरखपुर मंडल के अस्थि कलश को लखनऊ से गोरखपुर लेकर राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद रवाना हुए हैं। वहां पर कल राप्ती नदी में अस्थियों को प्रवाहित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल गोरखपुर में राप्ती नदी में अस्थि विसर्जन करेंगे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य भी उनके साथ रहेंगे। इस प्रक्रिया से पहले गोरखपुर भाजपा कार्यालय में अस्थि कलश लोगों के दर्शन के लिए रखा जाएगा।

वाराणसी में कल गंगा नदी में अस्थि विसर्जन होगा। लखनऊ से राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी के साथ आज भाजपा के पदाधिकारी अस्थि कलश को लेकर रवाना हो गए हैं। कल वहां पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तथा चंदौली से सांसद डॉ. महेंद्रनाथ पाण्डेय गंगा नदी में अस्थि विसर्जन करेंगे। वाराणसी में राजेंद्र प्रसाद घाट पर होने वाले अस्थि विसर्जन कार्यक्रम की जिम्मेदारी राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी को सौंपी गई है।इलाहाबाद में संगम में अस्थि विसर्जन होगा। लखनऊ से राज्य मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह अस्थि कलश लेकर रवाना हो गए हैं। कल वहां पर कलश को जनता के दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य संगम में अस्थियां प्रवाहित करेंगे।

फैजाबाद में सरयू नदी में अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को विसर्जित किया जाएगा। लखनऊ से राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव के साथ भाजपा कार्यकर्ता अस्थि कलश को लेकर फैजाबाद गए हैं। जहां पर आज ही उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा व राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार अनुपमा जायसवाल अस्थियों को सरयू नदी में विसर्जित करेंगे। झांसी में तवा नदी में अस्थियों को विसर्जित किया जाएगा। आज राज्य मंत्री स्वतंत्र देव सिंह अस्थि कलश लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ झांसी रवाना हो गए हैं। जहां पर कल केंद्रीय मंत्री उमा भारती के साथ सूबे के कैबिनेट मंत्री सतीश महाना व राज्य मंत्री मनोहर लाल उर्फ मुन्नू कोरी अस्थि विसर्जन करेंगे।

कानपुर में बिठूर में गंगा नदी में अस्थि विसर्जन होगा। राज्यमंत्री मोहसिन रजा लखनऊ से अस्थि कलश लेकर कानपुर गए हैं। आज ही वहां पर कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना के साथ सत्यदेव पचौरी व सतीश महाना तथा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अर्चना पाण्डेय अस्थि विसर्जित करेंगे। 

चित्रकूटधाम मंडल में मंदाकिनी नदी में अस्थियों का विसर्जन होगा। यहां का कलश लेकर राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह 'धुन्नी सिंह' गए हैं। चित्रकूट में कल कलश को दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति व प्रदेश के सिंचाई मंत्री धर्म पाल सिंह अस्थियों का विसर्जन करेंगे।

मेरठ मंडल में गढमुक्तेशवर ब्रज धाम में गंगा नदी में अस्थियों को प्रवाहित किया जाएगा। लखनऊ से अस्थि कलश लेकर राज्यमंत्री अतुल गर्ग मेरठ जाएगा। जहां पर कल जनता के दर्शन के बाद गढमुक्तेश्वर में गंगा नदी में कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा के साथ चेतन चौहान अस्थियों का विसर्जन करेंगे।

मुरादाबाद मंडल में रामगंगा नदी में अस्थियां प्रवाहित की जाएंगी। आज लखनऊ से राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार भूपेंद्र चौधरी अस्थि कलश लेकर रवाना हो गए हैं। जहां पर कल कलश को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा के साथ सूबे की राज्यमंत्री गुलाबो देवी यहां अस्थियों को रामगंगा नदी में प्रवाहित करेंगे। अलीगढ़ मंडल में कासगंज के सोरों में अस्थि विसर्जन होगा। आज लखनऊ से अस्थि कलश लेकर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार सुरेश राणा रवाना हो गए हैं। कल अस्थि कलश कासगंज पहुंचेगा। जहां पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र के साथ राज्यमंत्री संदीप सिंह अस्थियों का विसर्ज करेंगे।

बरेली मंडल में रामगंगा नदी में अस्थि विसर्जन होगा। आज लखनऊ से कलश लेकर राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख बरेली रवाना हो गए हैं। कल वहां केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के साथ सूबे के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण अस्थि विसर्जन करेंगे। सहारनपुर मंडल में यमुना नदी में अस्थि विसर्जन होगा। सरसावां में यमुना नदी में विसर्जन के लिए अस्थि कलश लेकर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. धर्म सिंह सैनी रवाना हो गए हैं। कल वहां पर पूर्व मंत्री डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी अस्थियों का विसर्जन करेंगे। आजमगढ़ मंडल में तमसा नदी में अस्थि विसर्जन होगा।

लखनऊ से आज कलश लेकर राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी आजमगढ़ रवाना हो गए हैं। कल जनता के दर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा व सूबे के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान अस्थियों का विसर्जन करेंगे। बस्ती मंडल के अमहट घाट पर कुआनो नदी में अस्थियों का विसर्जन होगा। आज लखनऊ से कलश लेकर राज्यमंत्री सुरेश पासी रवाना हो गए। कल बस्ती में जय प्रताप सिंह जैकी नदी में अस्थियां विसर्जित करेंगे। विंध्याचल मंडल में गंगा नदी में अस्थियों को विसर्जित किया जाएगा। आज लखनऊ के कलश लेकर राज्यमंत्री अनिल राजभर रवाना हो गए हैं। कल केंद्रीय मंत्री शिव प्रताप शुक्ला मीरजापुर में अस्थियों का विसर्जन करेंगे। देवीपाटन मंडल में राप्ती नदी में अस्थि विसर्जन होगा। लखनऊ से बलरामपुर अस्थि कलश लेकर कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा रवाना हो गए हैं। आज ही यहां पर कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही के साथ रमापति शास्त्री अस्थियों का विसर्जन करेंगे। 

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें