Move to Jagran APP

Ayushman Bharat Yojana: आयुष्मान कार्डधारकों के हेल्थ कार्ड होंगे आनलाइन, ई-संजीवनी पोर्टल पर डाक्टरों से साझा कर सकेंगे ब्योरा

Ayushman Bharat Yojana आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थी अपना हेल्थ कार्ड बनाकर उसे डाक्टरों से आनलाइन साझा कर सकेंगे। लाभार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़ी सभी जानकारी आनलाइन होने पर उन्हें उपचार कराने में भी आसानी होगी।

By Umesh TiwariEdited By: Updated: Thu, 09 Jun 2022 09:24 PM (IST)
Hero Image
Ayushman Bharat Yojana: आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन व ई संजीवनी होंगे एकीकृत।

Ayushman Bharat Yojana: लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में अब आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के 1.81 करोड़ लाभार्थी अपना हेल्थ कार्ड बनाकर उसे डाक्टरों से आनलाइन साझा कर सकेंगे। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और ई-संजीवनी पोर्टल को जल्द एकीकृत किया जाएगा। ऐसे में लाभार्थी आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट बना सकेंगे। हेल्थ अकाउंट में उसके रोग की केस हिस्ट्री और जांच रिपोर्ट आनलाइन होंगी। ई-संजीवनी पोर्टल पर वह डाक्टर से आसानी से ई परामर्श ले सकेगा।

आयुष्मान भारत के लाभार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़ी सभी जानकारी आनलाइन होने पर उन्हें उपचार कराने में भी आसानी होगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और ई संजीवनी पोर्टल का एकीकरण करने का फैसला किया है। ऐसे में इसका लाभ प्रदेश में आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को भी मिलेगा। यह 14 अंकों का हेल्थ अकाउंट बना सकेंगे।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के निदेशक डा. मन्नान अख्तर के मुताबिक इससे लोगों को काफी फायदा होगा। ई संजीवनी आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र और ई संजीवनी ओपीडी को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से जोड़े जाने से लाभार्थी सीधे डाक्टरों, विशेषज्ञों, अस्पतालों व मेडिकल कालेजों से सीधे जुड़ सकते हैं। डिजिटल हेल्थ लाकर में हेल्थ रिकार्ड को सुरक्षित रखने से डाक्टर के परामर्श की पूरी प्रक्रिया कागज रहित हो सकेगी।

भारत सरकार ने आयुष्मान भारत योजना उन गरीब लोगों के लिए शुरू की है, जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से अपना इलाज नहीं करवा सकते है। इस योजना के लाभार्थी सरकारी हो या प्राईवेट, किसी भी अस्पताल में जाकर पांच लाख रुपये का इलाज मुफ्त में करवा सकते हैं। आयुष्मान भारत योजना का हेल्थ कार्ड बनाकर नागरिक देश के किसी भी सरकारी या प्राईवेट अस्पताल में मुफ्त में इलाज करा सकते है।

आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड भी इसी योजना का हिस्सा है। ये कार्ड बनाने के लिए आपको सबसे पहले रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी होने और कार्ड बनने के बाद उसे आप आनलाइन डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकलवा सकते हैं। यह कार्ड फ्री में बनाए जा रहे हैं। अगर कार्ड गुम भी हो जाता है तो आप आनलाइन नया कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए केवल 15 रुपये का चार्ज देना होगा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।