Move to Jagran APP

यूपी के इन 13 जिलों से होकर गुजरेगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा, राहुल के साथ प्रियंका भी रहेंगी मौजूद

Lok Sabha Election राहुल गांधी की भारत जोड़ाे न्याय यात्रा में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा सातों दिन साथ चलेंगी। कांग्रेस ने मंगलवार को राहुल की यात्रा के रूट की आधिकारिक घोषणा कर दी। यात्रा 16 फरवरी को चंदौली से प्रदेश में प्रवेश करेगी और 13 जिलों से गुजरते हुए 22 फरवरी काे झांसी से होते हुए मध्य प्रदेश जाएगी।

By Alok Mishra Edited By: Abhishek Pandey Updated: Tue, 13 Feb 2024 09:45 PM (IST)
Hero Image
यूपी के इन 13 जिलों से होकर गुजरेगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा, राहुल के साथ प्रियंका भी रहेंगी मौजूद

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राहुल गांधी की भारत जोड़ाे न्याय यात्रा में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा सातों दिन साथ चलेंगी। कांग्रेस ने मंगलवार को राहुल की यात्रा के रूट की आधिकारिक घोषणा कर दी। यात्रा 16 फरवरी को चंदौली से प्रदेश में प्रवेश करेगी और 13 जिलों से गुजरते हुए 22 फरवरी काे झांसी से होते हुए मध्य प्रदेश जाएगी।

सात दिनों में 785 किलोमीटर की यात्रा के दौरान राहुल गांधी 15 जनसभाएं भी करेंगे। पार्टी के एक हजार कार्यकर्ताओं को यात्रा में लगातार शामिल रखने का लक्ष्य रखा गया है। प्रियंका वाड्रा का लोकसभा चुनाव में परंपरागत सीट रायबरेली से चुनाव मैदान में उतरने की चर्चाओं के बीच यात्रा में शामिल रहने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रियंका की टीम भी मंगलवार को लखनऊ पहुंची, जो चंदौली से लेकर झांसी तक यात्रा की तैयारियों को देखेगी। प्रियंका उप्र की पूर्व प्रभारी हैं।

काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे राहुल गांधी

यात्रा 16 फरवरी को नौबतपुर, चंदौली से प्रवेश करेगी और रात्रि विश्राम चंदौली में ही होगा। 17 फरवरी को यात्रा वाराणसी के गोलगड्डा मंदिर मार्ग से शुरू होगी। राहुल काशी विश्वनाथ मंदिर भी जाएंगे। 18 फरवरी को यात्रा भदोही के गोपीगंज चौक से शुरू होगी और प्रयागराज में हबूसा मोड़ व सोरांव में जनसभाएं होंगी।

19 फरवरी को यात्रा प्रयागराज से प्रतापगढ़ हाेते हुए अमेठी पहुंचेगी। 20 फरवरी को यात्रा अमेठी के फुरसतगंज से शुरू होकर रायबरेली पहुंचेगी और बछरावां होते हुए लखनऊ आएगी। 21 फरवरी को यात्रा उन्नाव बाईपास से शुक्लागंज हाते हुए कानपुर पहुंचेगी और कानपुर देहात होते हुए जालौन जाएगी। 22 फरवरी को यात्रा झांसी में रानी लक्ष्मी बाई चौराहे से शुरू होकर मां पीतांबरा देवी (दतिया) होते हुए मध्य प्रदेश जाएगी।

यात्रा मार्ग के जिलों से सटे गाजीपुर, सोनभ्रद, मीरजापुर, जौनपुर, सुलतानपुर, फैजाबाद, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, औरैया, कौशांबी, फतेहपुर, हमीरपुर व महोबा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को भी यात्रा की तैयारियों में जुटाया गया है। अलग-अलग कमेटियों का गठन भी किया गया है।

इन सीटों पर रहेगी खास नजर

यात्रा के दौरान कांग्रेस की नजर अब अपनी परंपरागत सीट अमेठी व रायबरेली के अलावा वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, कानपुर, जालौन व झांसी पर होगी, जहां माहौल बनाने का खास प्रयास होगा। लखनऊ में राजनीतिक दृष्टि से यात्रा महत्वपूर्ण होगी।

इसे भी पढ़ें: पश्चिमी यूपी में 2014 दोहराने की जुगत में भाजपा, जयन्त और प्रमोद कृष्णन को साथ लाना पार्टी की रणनीति का अहम हिस्सा

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।