Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

यूपी में एंट्री करने पर… रामराज्य का अनुभव, योगी सरकार करने जा रही अयोध्या से मिलता-जुलता काम

जल्द ही उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते समय आगंतुकों को रामराज्य में प्रवेश करने जैसा अनुभव होगा। दूसरे राज्यों से उत्तर प्रदेश में आने वाले 104 मार्गों पर प्रवेश द्वार का निर्माण किया जा रहा है। इन प्रवेश द्वारों पर बनाए जाने वाले खंभों की डिजाइन अयोध्या में श्रीराम पथ पर बने खंभों जैसी होगी। प्रवेश द्वारों का निर्माण मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।

By Manoj Kumar Tripathi Edited By: Shivam Yadav Updated: Wed, 31 Jan 2024 03:56 PM (IST)
Hero Image
104 प्रवेश द्वारों से सुसज्जित होगा यूपी, रामराज्य में प्रवेश करने जैसा मिलेगा अनुभव।

मनोज त्रिपाठी, लखनऊ। जल्द ही उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते समय आगंतुकों को रामराज्य में प्रवेश करने जैसा अनुभव होगा। दूसरे राज्यों से उत्तर प्रदेश में आने वाले 104 मार्गों पर प्रवेश द्वार का निर्माण किया जा रहा है। 

इन प्रवेश द्वारों पर बनाए जाने वाले खंभों की डिजाइन अयोध्या में श्रीराम पथ पर बने खंभों जैसी होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों पर निर्मित किए जा रहे इन प्रवेश द्वारों का निर्माण मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य लोक निर्माण विभाग को दिया गया है।

अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा के पहले ही सरकार की कोशिश थी कि प्रदेश के सभी प्रवेश मार्गों पर द्वारों का निर्माण करवा लिया जाए। उत्तर प्रदेश पहला राज्य होगा जहां लगभग सभी प्रवेश मार्गों पर इस प्रकार के द्वारों का निर्माण किया जा रहा है। 

सोलर लाइटों से सुसज्जित होंगे प्रवेश द्वार

झारखंड, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश व बिहार से उत्तर प्रदेश में आने वाले मार्गों के अलावा नेपाल से भी उत्तर प्रदेश में प्रवेश के लिए कई कई मार्ग हैं। इनका निर्माण आगरा के लाल रंग के पत्थर से किया जाएगा।

सभी प्रवेश द्वारों को सोलर लाइटों से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे लोगों को रात में भी लोगों को इस बात की जानकारी मिल जाए कि वह उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर रहे हैं। इन प्रवेश द्वारों पर उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने व आगंतुकों के स्वागत करने संबंधी सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे। 

प्रवेश द्वारों पर दोनों तरफ 25-25 फीट के दो खंभे बनाए जाएंगे। इनके आगे व पीछे दो-दो छोटे खंभे बनाए जाएंगे। दोनों तरफ फुटपाथों का निर्माण किया जाएगा। एक प्रवेश द्वार के निर्माण पर करीब 1.25 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। सहारनपुर व आगरा मंडल में इनका निर्माण शुरू करवाया जा चुका है। सरकार ने लोक निर्माण विभाग को मार्च तक इनका निर्माण पूरा करने का लक्ष्य दिया है।

वन विभाग की मंजूरी का इंतजार

नेपाल व मध्यप्रदेश से प्रवेश करने वाले मार्गों पर द्वारों के निर्माण के लिए वन विभाग से अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। इन मार्गों पर वन विभाग की मंजूरी के बाद प्रवेश द्वारों का निर्माण करवाया जाएगा।

मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट को जल्द करेंगे पूरा: जैन

लोक निर्माण विभाग के विभागाध्यक्ष एके जैन ने कहा कि यह मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है। हमारी कोशिश है कि मार्च तक इनका निर्माण पूरा करवा लिया जाए। सहारनपुर मंडल में छह प्रवेश द्वारों का निर्माण लगभग पूरा हो गया है।

यह भी पढ़ें: ‘योगी गढ़’ में सपा ने उतारा 12वीं पास प्रत्याशी, कई हार के बावजूद अखिलेश ने काजल पर इसलिए जताया भरोसा

यह भी पढ़ें: UP Politics: अपने गढ़ में ही असमंजस में फंसी सपा, मुरादाबाद और अमरोहा पर रालोद और कांग्रेस दोनों की दावेदारी

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर