Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP By-Polls Result 2022: लोकसभा उपचुनाव में आजमगढ़ और रामपुर के सपाई किले ढहे, लहराया केसरिया परचम

UP By-Election Result 2022 आजमगढ़ में भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ ने सपा के धर्मेंद्र यादव को हराकर सपाई गढ़ पर केसरिया परचम लहराया। वहीं रामपुर में भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी ने सपा प्रत्याशी आसिम राजा को पराजित कर यह सीट भाजपा की झोली में डाल दी।

By Umesh TiwariEdited By: Updated: Sun, 26 Jun 2022 09:33 PM (IST)
Hero Image
UP By-Election Result 2022: लोकसभा उपचुनाव में आजमगढ़ और रामपुर के सपाई किले ढहे।

लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के दो मजबूत किले रविवार को ढह गए। विधानसभा चुनाव में जीत के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के त्यागपत्र से रिक्त हुई आजमगढ़ और आजम खां के पार्टी के इस्तीफे से खाली हुई रामपुर लोक सभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को जीत मिली है।

आजमगढ़ में हुए त्रिकोणीय मुकाबले में भाजपा के दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' ने सपा के धर्मेंद्र यादव को 8,679 वोटों से हराकर सपाई गढ़ पर केसरिया परचम लहराया। बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र आजमगढ़ सीट से सांसद रहे सपा अध्यक्ष अखिलेश के चचेरे भाई हैं।

रामपुर में सीधी लड़ाई में भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी ने सपा प्रत्याशी आसिम राजा को 42192 मत से पराजित करके आजम खां की प्रतिष्ठा से जुड़ी यह सीट भाजपा की झोली में डाल दी। कांग्रेस ने दोनों सीटों पर उपचुनाव लड़ने से परहेज किया जबकि बसपा सिर्फ आजमगढ़ में मैदान में उतरी।

करीब साढ़े तीन माह पहले 10 मार्च को जब विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आए तो आजमगढ़ की सभी 10 सीटों पर सपा ने क्लीन स्वीप करते हुए जीत दर्ज की थी। तब भाजपा हतप्रभ थी। रविवार को जब आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव का परिणाम आया तो चौंकने की बारी सपा की थी। 2014 में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव आजमगढ़ सीट से सांसद निर्वाचित हुए थे तो 2019 में अखिलेश ने यहां भाजपा के निरहुआ को हराया था।

मुलायम परिवार के वर्चस्व वाली आजमगढ़ सीट पर भाजपा प्रत्याशी व भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' ने लोकसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी व बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव को उतार-चढ़ाव से भरे त्रिकोणीय मुकाबले में 8,679 वोटों से हरा दिया। आजमगढ़ में मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई तो आरंभिक चक्रों में सपा बढ़त बनाए हुए थी।

13वें राउंड में भाजपा छह हजार वोटों से आगे हुई, तो वोटों का अंतर कम-ज्यादा होता रहा, लेकिन सपा फिर बढ़त नहीं बना पाई। बसपा मामूली अंतर के साथ लगातार पीछे रही तो उसके प्रत्याशी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली दिन में 2.20 बजे ही मतगणना स्थल से लौट गए। भाजपा प्रत्याशी निरहुआ को 3,12,768, सपा के धर्मेंद्र यादव को 3,04,089 और बसपा प्रत्याशी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को 2,66,210 मत हासिल हुए।

रामपुर में सपा प्रत्याशी आसिम राजा का मुकाबला दो बार विधान परिषद सदस्य रह चुके घनश्याम सिंह लोधी से था। लोधी को विधानसभा चुनाव के दौरान ही सपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर निष्कासित कर दिया था और वह भाजपा में शामिल हो गए थे। रविवार को 33 राउंड चली मतगणना में शुरुआती 18 राउंड तक सपा प्रत्याशी बढ़त बनाए रहे, इसके बाद भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त बना ली। घनश्याम सिंह लोधी को 3,67,397 और आसिम राजा को 3,25,205 मत मिले।

सीएम योगी के विकास पर जनता की मुहर : सपा के गढ़ में सीएम योगी आदित्यनाथ का जादू काम कर गया। आजमगढ़ के इतिहास में रमाकांत यादव (2009-2014) की जीत के बाद यहां दूसरी बार कमल खिला है। मुख्यमंत्री का जादू इसलिए क्योंकि प्रचार के दौरान योगी ने जनसभा में कहा था कि आप 'निरहुआ' को जिताइए, विकास और सुरक्षा का जिम्मा मुझपर छोड़ दीजिए। रामपुर में भी योगी ने विकास के नाम पर घनश्याम लोधी को जिताने की अपील की थी।

आजमगढ़ में इसलिए साइकिल पर लगी ब्रेक : आजमगढ़ में कमल खिलने के पीछे चार लाख से अधिक अनुसूचित जाति के मतदाताओं के बेस वोट के दम पर बसपा के मजबूत संघर्ष और मुस्लिम मतों का बिखराव अहम कारण माना जा रहा है। यही वजह रही कि सपा के गढ़ में कमल खिला और साइकिल की रफ्तार थमी।

आजमगढ़ एक नजर में

  • आजमगढ़ में 8,679 वोटों से दिनेश लाल यादव ने सपा के धर्मेंद्र यादव को हराया।
  • 3,12,768 मत भाजपा के दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' को मिले।
  • 3,04,089 मत सपा के धर्मेंद्र यादव को प्राप्त हुए।
  • 2,66,210 मत हासिल किए बसपा के शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने।

रामपुर एक नजर में

  • रामपुर में सपा प्रत्याशी आसिम को घनश्याम लोधी ने 42192 मतों से पराजित किया।
  • 3,67,397 मत भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी को मिले।
  • 3,25,205 मत सपा के आसिम राजा को मिले।

यूपी में लोकसभा सीटों की स्थिति

  • भाजपा - 64
  • बसपा - 10
  • सपा - 03
  • अपना दल (एस) - 02
  • कांग्रेस - 01

यह भी पढ़ें : भरभराकर ढह गए 'M-Y' की नींव पर खड़े आजमगढ़ व रामपुर के सपाई किले, भाजपा ने मार लिया मैदान

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर