Move to Jagran APP

Rajya Sabha Election: भाजपा ने प्रत्याशी चयन में सामाजिक- क्षेत्रीय समीकरण का रखा ध्यान, जातियों के लेकर महिलाओं को साधने की कोशिश

भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश के सात प्रत्याशियों की सूची रविवार को घोषित कर दी है। जारी सूची में उप्र के प्रत्याशियों में पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी मथुरा के पूर्व सांसद चौधरी तेजवीर सिंह पूर्व विधायक साधना सिंह पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य पूर्व राज्य मंत्री संगीता बलवंत और आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन शामिल हैं।

By Rajeev Dixit Edited By: Jeet KumarUpdated: Mon, 12 Feb 2024 06:15 AM (IST)
Hero Image
भाजपा ने प्रत्याशी चयन में सामाजिक- क्षेत्रीय समीकरण का रखा ध्यान

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश के सात प्रत्याशियों की सूची रविवार को घोषित कर दी है। पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक व क्षेत्रीय समीकरण पर भी ध्यान दिया है।

जारी सूची में उप्र के प्रत्याशियों में पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह, भाजपा के वरिष्ठ राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, मथुरा के पूर्व सांसद चौधरी तेजवीर सिंह, पूर्व विधायक साधना सिंह, पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य, पूर्व राज्य मंत्री डा.संगीता बलवंत और आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन शामिल हैं।

सुधांशु त्रिवेदी फिर से उच्च सदन में जाएंगे

पिछले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए आरपीएन सिंह को पार्टी में समायोजित करने की चर्चा काफी दिनों से चल रही थी। उन्हें राज्यसभा भेजने का निर्णय कर पार्टी ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। सुधांशु त्रिवेदी एकमात्र प्रत्याशी हैं जिन्हें पार्टी ने उप्र से फिर संसद के उच्च सदन में भेजने का फैसला किया है।

चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न सम्मान देने की घोषणा के बाद भाजपा ने उप्र सहकारी बैंक के अध्यक्ष रह चुके चौधरी तेजवीर सिंह को राज्यसभा भेजने की घोषणा कर जाट बिरादरी को सियासी संदेश दिया है। साधना सिंह चंदौली की मुगलसराय सीट से भाजपा की विधायक रही हैं।

घोषित सात प्रत्याशियों में दो महिलाएं

बतौर भाजपा प्रत्याशी गाजीपुर सदर सीट से 2017 में विधायक निर्वाचित हुईं डॉ.संगीता बलवंत योगी सरकार के पहले कार्यकाल में राज्य मंत्री थीं। वहीं उद्योगपति नवीन जैन व्यवसायी वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं। नारी शक्ति वंदन अभियान की तैयारियों में जुटी भाजपा की ओर से घोषित सात प्रत्याशियों में दो महिलाएं हैं। पार्टी ने सामाजिक समीकरण को भी साधने की कोशिश की है।

दो अगड़ी जातियों और चार अन्य पिछड़ी जातियों के प्रत्याशी

उप्र के लिए घोषित प्रत्याशियों में दो अगड़ी जातियों के हैं जबकि चार अन्य पिछड़ी जातियों व एक जैन (अल्पसंख्यक) समुदाय से हैं। कुशीनगर राजघराने से ताल्लुक रखने वाले आरपीएन सिंह पिछड़ों में शुमार सैंथवार जाति से हैं। पूर्वांचल के कई जिलों में इस जाति का प्रभाव है। सुधांशु त्रिवेदी ब्राह्मण जबकि साधना सिंह ठाकुर हैं। चौधरी तेजवीर सिंह जाट बिरादरी तो डा.संगीता बलवंत बिंद (निषाद) समाज से हैं।

भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों में खासे सक्रिय अमरपाल मौर्य भी पिछड़ी जाति से हैं तो नवीन जैन का ताल्लुक जैन समाज से है। भाजपा के सांगठनिक क्षेत्रों के लिहाज से घोषित प्रत्याशियों में दो ब्रज क्षेत्र, तीन काशी क्षेत्र तथा एक-एक गोरखपुर व अवध क्षेत्र से हैं।

गौतलब है कि प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटें दो अप्रैल को रिक्त हो रही हैं। इनमे से नौ सीटें भाजपा व एक सपा के पास है। रिक्त होने जा रही इन 10 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन की आखिरी तारीख 15 फरवरी है। राज्यसभा चुनाव 27 फरवरी को होगा। विधानसभा के संख्याबल के आधार पर भाजपा सात सीटें आसानी से जीतने की स्थिति में है।

प्रदेश अध्यक्ष ने दी बधाई

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए घोषित उत्तर प्रदेश के सात प्रत्याशियों को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने हार्दिक बधाई व विजयश्री की अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।